
GSEB : गणित ने फिर बिगाड़ी बोर्ड की परीक्षा पास करने की गणित
सूरत.
गुजरात माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की परीक्षा पास करने में फिर गणित विषय सबसे बड़ी बाधा साबित हुआ। पूरक परीक्षा में 10वीं और 12वीं विज्ञान वर्ग के अधिकतर विद्यार्थी गणित विषय में ही फेल हुए हैं। 12वीं सामान्य वर्ग में 78 प्रतिशत विद्यार्थियों को एकाउंट विषय ने सफल नहीं होने दिया। गणित और एकाउंट के कारण 80 प्रतिशत से अधिक विद्यार्थियों का बोर्ड परीक्षा पास करने का सपना तो अधूरा रहा ही, एक साल भी बिगड़ गया।
गुजरात माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की मार्च में हुई परीक्षा में फेल विद्यार्थियों के लिए पूरक परीक्षा का आयोजन किया गया था। मार्च की परीक्षा में ज्यादातर विद्यार्थी गणित, एकाउंट, फिजिक्स और केमेस्ट्री में फेल हुए थे। अन्य विषयों के मुकाबले 10वीं और 12वीं के मुख्य विषयों की पूरक परीक्षा में बैठने वाले विद्यार्थियों की संख्या अधिक थी। पूरक परीक्षा का परिणाम पिछले शनिवार को जारी किया गया था। 12वीं विज्ञान वर्ग का परिणाम मात्र 9.96 प्रतिशत रहा। कम परिणाम के लिए गणित विषय जिम्मेदार रहा। इस विषय में 92 प्रतिशत विद्यार्थी फेल हुए। केमेस्ट्री में 90 प्रतिशत और फिजिक्स में 88 प्रतिशत विद्यार्थी पास नहीं हो पाए। विज्ञान वर्ग के गणित विषय में 2506 विद्यार्थियों में से मात्र 204 विद्यार्थी पास हो पाए। गणित का परिणाम मात्र 8.14 प्रतिशत रहा। केमेस्ट्री में 7607 में से 773, जबकि फिजिक्स में 2328 में से 280 विद्यार्थी परीक्षा पास कर सके।
पास होने की उम्मीद पर पानी फेरा
10वीं में भी गणित ने विद्यार्थियों की पास होने की उम्मीद पर पानी फेरा। इस विषय में 85 प्रतिशत विद्यार्थी फेल हो गए। विज्ञान एंड टेक्नोलोजी में 83 प्रतिशत विद्यार्थी पास नहीं हो पाए। गणित की परीक्षा में 72,326 विद्यार्थी बैठे थे और मात्र 10,810 पास हो सके। गणित का परिणाम 14.95 प्रतिशत रहा। 35,555 विद्यार्थियों ने विज्ञान एंड टेक्नोलोजी विषय की परीक्षा दी। इनमें से 5,884 विद्यार्थी पास हो पाए। विज्ञान एंड टेक्नोलोजी का परिणाम मात्र 16.55 प्रतिशत रहा।
एकाउंट और अंकशास्त्र भी भारी पड़े
12वीं सामान्य वर्ग की परीक्षा में एकाउंट विषय विद्यार्थियों पर भारी पड़ा। इसमें 78 प्रतिशत विद्यार्थी फेल हो गए। अंकशास्त्र में 71 प्रतिशत विद्यार्थी पास नहीं हो पाए। एकाउंट में 3,809 में से सिर्फ 838 विद्यार्थी पास हो पाए। इसी तरह अंकशास्त्र में 7,390 में से 2123 विद्यार्थी पास हो सके। अंकशास्त्र का परिणाम 28.73 प्रतिशत रहा।
Published on:
02 Aug 2018 09:27 pm
बड़ी खबरें
View Allसूरत
गुजरात
ट्रेंडिंग
