
सुनाई देने लगे चंग की थाप पर फाग के गीत
सिलवासा. होली नजदीक आते ही सोसायटियों में फागोत्सव के गीत सुनाई देने लगे हैं। बीती रात लवाछा राधे-कृष्ण मंदिर के पास राजस्थानी युवाओं ने चंग, ढप, मजीरा, बांसुरी के मधुर स्वर के साथ जमकर नृत्य किया एवं होली के धमाल गाए। यहां सप्ताह भर से फागोत्सव में होली के गीत चल रहे हैं।
दानह में रहने वाले राजस्थानी होली पर फागोत्सव का आयोजन करते हैं। लवाछा, दादरा, सिलवासा, आमली की विभिन्न सोसायटियों व आसपास के क्षेत्रों में युवक मिलकर चंग बजाकर लोगों का मनोरंजन करने में लगे हैं।
धमाल गायक पंडित जगदीश, दिनेश सहल, कमलकांत मिश्रा, मनोज चोटिया, भवानी दायमा, दिनेश गुप्ता, बंटी अग्रवाल आदि ने राजस्थानी भाषा में फाग के गीत सुनाए। फागोत्सव के राजस्थानी गीत कुएं पर एकली, और रंग दे, बालम छोटो सो, राजा बल के दरबार जैसे गीतों के साथ नृत्य करते हुए कलाकारों ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
चंग व ढप की थाप पर दर्शक भी गायकों ं के साथ गोल घेरे में झूमने लगे। बाद में खाटू श्याम के मारवाड़ी भजन गाकर माहौल राजस्थानी कर दिया। आयोजकों ने बताया कि होली तक रोजाना रात 9 बजे से फागोत्सव रखा है। होली के दिन रंग रसियो व डांडण-मांडण पूजन का कार्यक्रम होगा।
महिलाओं ने मनाया फागोत्सव
प्रमुख गार्डन में महिलाओं ने राधा-कृष्ण का स्वांग रचाकर फागोत्सव मनाया। जिसमें आसपास की सोसायटियों की महिलाओं में अदिति शर्मा ने श्रीकृष्ण तथा रेखा पारीक ने राधे का रोल अदा किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में शिल्पा, रूपा, मोना, प्रतीक्षा, मधु, साक्षी, बबली और रचना ने भी भूमिका अदा की।
बाजार में डिजाइनर पिचकारियों की धूम
सिलवासा. फागोत्सव आते ही बाजारों में पिचकारी व रंगों की दुकानों में रौनक लौटने लगी हैं। वापी रोड, आमली, बस्ता फलिया, टोकरखाड़ा में बड़ी संख्या में रंगों के स्टॉल लग गए हैं। दुकानों में हर्बल, कृत्रिम रंगों के साथ चटकीले कलर भी उपलब्ध हैं। गत दो वर्ष बाद होली पर बाजारों में रंगत देखने को मिल रही है। वर्ष 2020 व 2021 में होली का पर्व कोरोना के भेंट चढ़ गया। इस साल जिले में फरवरी में कोरोना ने विदाई ले ली थी। होली आते ही लोगों में उत्साह का माहौल है। व्यापारियों के अनुसार महंगाई का थोड़ा असर रंगोत्सव पर भी हैं। गत वर्ष की अपेक्षा रंग 20 से 30 प्रतिशत महंगे हो गए हैं। गांवों में एकादशी से रंगोत्सव की शुरुआत हो गई है।
Published on:
15 Mar 2022 07:09 pm
बड़ी खबरें
View Allसूरत
गुजरात
ट्रेंडिंग
