
File Image
सूरत. गुजरात की 1600 किलो मीटर लंबी समुद्र तट रेखा अंतरराष्ट्रीय और अंतर राज्यीय ड्रग्स माफियाओं के लिए वरदान बन गई है, जो इसका उपयोग देश में नशीले पदार्थो की तस्करी के लिए कर रहे हैं। दूसरी ओर ड्रग्स माफियाओं पर गुजरात पुलिस का शिकंजा कसता जा रहा है। इस एक साल में पुलिस ने कुल 1617 करोड़ रुपए की कीमत के 67304 किलोग्राम ड्रग्स और अन्य नशीले पदार्थ जब्त किए हैं, जो पिछले साल के मुकाबले 800 गुना अधिक है।
गृह मंत्रालय के अनुसार राज्य में गांजा, अफीम, चरस, हेरोइन के साथ ही एमडी और मेफेड्रोन जैसी प्रतिबंधित नशीली दवाइयां को काला कारोबार करने वाले माफिया सक्रिय हुए हैं तब सरकार की अलग अलग सुरक्षा एजेंसियां इनके नेटवर्क को तोड़ने में लगी है। सितंबर महीने में डिआरआई ने मुंद्रा बंदरगाह से 3000 किलोग्राम हेरोइन की खेप जब्त की थी। इसके बाद एटीएस ने 35 और 77 किलोग्राम हेरोइन की दो खेप पकड़ी। उसके बाद मोरबी और सौराष्ट्र के तटीय गांवों से 146 किलोग्राम हेरोइन का जत्था जब्त किया था। इसके अलावा चरस, गांजा का जत्था भी अलग अलग शहरों की पुलिस ने जब्त किया। हाल ही में राज्य के डीजीपी आशीष भाटिया ने बताया था कि पुलिस की सतर्कता के कारण ही इतनी बड़ी मात्रा में ड्रग्स गुजरात समेत देश में घुसाने में ड्रग्स माफिया नाकामियाब रहे। आंकड़ों के अनुसार इस साल राज्य की पुलिस ने गुजरात के अब तक के इतिहास में रिकॉर्ड 1617 करोड़ रुपए की नशीली दवाइयां जब्त की है। जबकि वर्ष 2020 में 95 करोड़ रुपए के नशीले पदार्थ जब्त किए थे।
गुजरात का समुद्र तट हमेशा से ड्रग्स लैंडिग के लिए स्वर्ग
पुलिस विभाग के एक आला अधिकारी ने बताया कि गुजरात का समुद्र तट पहले से ही ड्रग्स तस्करी के लिए ड्रग्स माफियाओं के लिए स्वर्ग बना हुआ है। उन्होंने बताया कि ड्रग्स का अधिकतर जत्था अफ़ग़ानिस्तान से लाया गया था। अफ़ग़ानिस्तान में तालिबानी सत्ता आने के बाद वहां वहां के ड्रग्स माफियाओं को डर सता रहा है और वह अपना स्टॉक जल्द से जल्द खाली करने के पिछे लगे है। हाल ही में गुजरात में पकड़ी गई ड्रग्स की बड़ी खेपे इसका प्रमाण है।
दो साल में अकेले सूरत से 5.10 करोड़ का ड्रग्स जब्त
सूरत में शराब के अवैध कारोबार के साथ ही ड्रग्स माफिया भी सक्रिय हुए। शहर पुलिस ने ड्रग्स के खिलाफ विशेष अभियान छेड़ा है। अभियान के तहत पुलिस ने दो साल में 5.10 करोड़ रुपए का ड्रग्स का जत्था जब्त कर 152 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
राज्य में दो साल में पकड़े गए नशीले पदार्थ
**वर्ष 2020
पदार्थ केस जत्था कीमत
हेरोइन 05 36 716 करोड़
सिंथेटिक ड्रग्स 48 4570 7.55 करोड़
गांजा 220 6669 6 करोड़
चरस 17 267 5 करोड़
अन्य 20 927 67 लाख
*वर्ष 2021
हेरोइन 08 313 1562 करोड़
सिंथेटिक ड्रग्स 102 2746 35 करोड़
गांजा 301 63398 16.54 करोड़
चरस 19 85 1.46 करोड़
अन्य 20 764 83.49 लाख
Published on:
06 Jan 2022 08:56 pm
बड़ी खबरें
View Allसूरत
गुजरात
ट्रेंडिंग
