
ऐनवक्त स्थगित की गई रैली
सूरत. पहले उम्मीद थी कि सूरत में आयोजित स्वागत रैली में हजार-पांच सौ वाहन जमा होंगे लेकिन, शुक्रवार दोपहर वाहनों की संख्या ही पांच हजार तक हो गई। ऐसी स्थिति में स्वागत रैली स्थगित करना ही उचित समझा गया क्योंकि, इससे कोरोना संक्रमण की भी आशंका थी। यह बात स्वागत रैली स्थगित रखी जाने के बाद शुक्रवार दोपहर बाद गुजरात भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल ने मीडिया के समक्ष कही।
करीब ढाई दशक बाद सूरत समेत दक्षिण गुजरात को भाजपा प्रदेश इकाई का प्रमुख अध्यक्ष पद का दायित्व मिलने से पार्टी कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर थी और उसके अनुरूप ही वे नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल का सूरत आगमन पर स्वागत भी करना चाहते थे। भाजपा महानगर इकाई ने इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली थी हालांकि एक बार रूट चार्ट में अवश्य सूरत एयरपोर्ट की जगह वराछा क्षेत्र के वालक पाटिया से स्वागत रैली की शुरुआत किए जाने का बदलाव किया गया। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शुक्रवार सुबह से वालक पाटिया पर भाजपा कार्यकर्ता वाहनों के साथ एकत्र होने लगे और देखते ही देखते वहां पर वाहनों की संख्या पांच हजार तक पहुंच गई। इसकी जानकारी नवनियुक्त भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल को मिलने पर उन्होंने शहर में यातायात समस्या पनपने और कोरोना संक्रमण की आशंका के मद्देनजर स्वागत रैली स्थगित रखे जाने के निर्देश भाजपा महानगर इकाई को दिए। इस दौरान उन्होंने बताया कि वे अभी कार्यकर्ताओं से भी मिलना टालेंगे क्योंकि जो उत्साह कार्यकर्ताओं में देखने को मिल रहा है वो मेरे लिए गौरव का विषय है लेकिन, अभी वक्त उसके अनुकूल नहीं है।
कई बड़े नेता थे मौजूद
नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल के पहली बार सूरत आगमन मौके पर भाजपा महानगर इकाई की ओर से आयोजित स्वागत रैली में शामिल होने के लिए शुक्रवार को प्रदेश के कई नेता वालक पाटिया पहुंच गए थे। इनमें राज्य सरकार के वन एवं पर्यावरण मंत्री गणपतसिंह वसावा, स्वास्थ्य मंत्री कुमार कानाणी, भाजपा के प्रदेश महामंत्री भरतसिंह परमार समेत कई विधायक व अन्य मौजूद थे।
Published on:
24 Jul 2020 07:59 pm
बड़ी खबरें
View Allसूरत
गुजरात
ट्रेंडिंग
