सूरत

chori : फर्नीचर बनाते समय अलमारी से चुराए थे 5.72 लाख रुपए के जेवर

- डिंडोली में कपड़ा कारोबारी के बंगले में चोरी - दो कर्मचारियों को पकड़ कर पुलिस ने बरामद किया सामान  

2 min read
Nov 09, 2022
chori : फर्नीचर बनाते समय अलमारी से चुराए थे 5.72 लाख रुपए के जेवर

सूरत. दीपावली की छुट्टियों दौरान डिंडोली क्षेत्र में एक कपड़ा कारोबारी के बंगले से रहस्यमय हालात में 5.72 लाख रुपए के चोरी हो गए। पुलिस ने चोरी का भेद उजागर कर पीडि़त के बंगले में फर्नीचर का काम करने वाले दो कारीगरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चुराए गए अधिकतर जेवर भी बरामद कर लिए हैं।

मामले की जांच कर रहे सर्वेलंस स्टॉफ के पुसिल उप निरीक्षक हरपालसिंह मसाणी ने बताया कि चोरी कराड़वा रोड स्थित साईं विला रेजिडेंसी निवासी चंदनकुमार सिंह के घर हुई। पीडि़त ने दीपावली पर बंगले के फर्नीचर का काम शुरू करवाया था। ठेकेदार ने पांच कारीगरों को बंगले पर भेजा था।

इस बीच पीडि़त के परिजन गांव चले गए, लेकिन काम जारी होने के कारण चंदन कुमार यहीं ठहर गए। पांचों कारीगर प्रतिदिन अपना काम करते और निकल जाते थे। शनिवार को परिजनों ने सूरत लौटने के बाद अलमारी खोली तो उसमें रखे जेवर व मोबाइल गायब मिले।
चंदनकुमार ने डिंडोली पुलिस ने संपर्क किया। पुलिस ने मौके पर छानबीन की। बंगले में बाहर से चोरों के प्रवेश का कोई निशान नहीं था।

पुलिस को फर्नीचर का काम करने वाले कारीगरों पर संदेह हुआ। पुलिस ने पांचों से पूछताछ की तो चोरी का भेद खुल गया। दो आरोपियों उधना बीआरसी प्रभुनगर निवासी सूरज विश्वकर्मा व राहुल विश्वकर्मा ने चोरी करना कबूल किया। उन्होंने बताया कि वे कई दिनों से काम कर रहे थे। दोनों जब अंदर के कमरे में काम कर रहे थे, उस दौरान मौका देखकर अलमारी से जेवर व मोबाइल चुरा लिए थे।

- शौचालय में छिपाए थे जेवर :
सूरज व राहुल ने पुलिस को बताया कि प्रभुनगर स्थित उनके किराए के कमरे में एक और युवक साथ रहता है। उन्होंने चोरी के जेवर एक पोटली में बांधकर शौचालय में छिपा दिए थे। कुछ जेवर उन्होंने किसी को दे दिए थे। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर शौचालय से अधिकांश जेवर बरामद कर लिए।
------------------------

Published on:
09 Nov 2022 01:11 pm
Also Read
View All

अगली खबर