6 मई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

कथीरिया को न्यायिक हिरासत में भेजा

राजद्रोह मामले में कोर्ट में पेशी

2 min read
Google source verification
patrika

कथीरिया को न्यायिक हिरासत में भेजा

सूरत. राजद्रोह मामले में गिरफ्तार पास समन्वयक अल्पेश कथीरिया को मंगलवार शाम क्राइम ब्रांच पुलिस ने कोर्ट में पेश किया। पुलिस की ओर से रिमांड की मांग नहीं की गई। कोर्ट ने उसे न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया।


अमरोली थाने में दर्ज तीन साल पुराने राजद्रोह के मामले में सोमवार को क्राइम ब्रांच पुलिस ने अल्पेश को साबरमती जेल से ट्रांसफर वारंट से गिरफ्तार किया था। देर रात पुलिस उसे लेकर सूरत पहुंची। मंगलवार शाम उसे जेएमफएसी कोर्ट के समक्ष पेश किया गया। पुलिस की ओर से रिमांड की मांग नहीं करने पर कोर्ट ने अभियुक्त को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। गौरतलब है कि पाटीदार आरक्षण आंदोलन के दौरान वर्ष 2015 में पुलिस के खिलाफ भडक़ाऊ बयान देने को लेकर अमरोली थाने में राजद्रोह का मामला दर्ज करते हुए क्राइम ब्रांच पुलिस ने हार्दिक पटेल को गिरफ्तार किया था। इसके बाद विपुल देसाई और चिराग देसाई नाम के युवकों को भी गिरफ्तार किया गया। अब तीन साल बाद अल्पेश कथीरिया की इस मामले में गिरफ्तारी की गई है।


गुलाब से स्वागत


अल्पेश कथीरिया की सूरत कोर्ट में पेशी को लेकर मंगलवार शाम बड़ी संख्या में पास कार्यकर्ता कोर्ट पहुंचे। कोर्ट में पेशी के बाद पुलिस जब उसे लाजपोर जेल ले जाने लगी तो कार्यकर्ताओं ने कोर्ट के बाहर अल्पेश पर गुलाब के फूल फेंके और पुलिसकर्मियों को गुलाब के फूल दिए।


नया ठिकाना होगा लाजपोर जेल


अल्पेश कथीरिया का नया ठिकाना लाजपोर जेल हो सकता है। अहमदाबाद में दर्ज राजद्रोह के मामले में वह साबरमती जेल में कैद था। मंगलवार को इस मामले में उच्च न्यायालय ने उसकी जमानत याचिका मंजूर कर ली। यदि अहमदाबाद पुलिस अन्य किसी मामले में उसकी गिरफ्तारी नहीं करती है तो उसे लाजपोर जेल में रखा जाएगा।

पुलिस महकमे में आला अधिकारियों के तबादले


सूरत. गांधीनगर से मंगलवार को पुलिस महकमे के कई आलाधिकारियों के तबादले के आदेश जारी हुए। सूरत शहर के जोन-३ पुलिस उपायुक्त बिपिन आहिरे को गांधीनगर स्टेट ट्रैफिक ब्रांच-२ में अधीक्षक के पद पर स्थानांतरित किया गया है। उनके स्थान पर सूरत शहर पुलिस मुख्यालय की उपायुक्त विधि चौधरी को नियुक्त किया गया। विधि चौधरी के पद पर बोटाद से स्थानांतरित होकर आए पुलिस अधीक्षक एस.वी. परमार को तैनात किया गया है। इसी तरह सूरत शहर डी डिवीजन के सहायक पुलिस आयुक्त बी.सी. ठक्कर को सहायक पुलिस आयुक्त (ट्रैफिक) के पद पर स्थानांतरित किया गया है। एस.सी.एस.टी. सेल के सहायक पुलिस आयुक्त एन.एस.देसाई को सहायक पुलिस आयुक्त इ डिवीजन और उनके स्थान पर इ डिवीजन के सहायक पुलिस आयुक्त पीनाकिन परमार को स्थानांतरित किया गया है।