
मांगा अमर सुहाग का वरदान
सिलवासा. कार्तिक कृष्ण चतुर्थी के मौके पर शनिवार को सुहागिनों ने करवा चौथ महाव्रत का पालन कर अमर सुहाग का वरदान मांगा। इस मौके पर पति की दीर्घायु के लिए उपवास रखकर महिलाओं ने चौथ माता की पूजा की और सास, जेठानी, ननद आदि को मिठाई-कपड़े भेंट में दिए। इससे पूर्व सुबह आमली शिव मंदिर, बालाजी, तड़केश्वर महादेव मंदिर में महिलाओं ने पूजा-अर्चना की।
करवा चौथ महाव्रत के मौके पर सुहागिन महिलाओं ने सुबह से ही तैयारियां शुरू कर दी थी और घर पर पीले मिट्टी का आसन तैयार उस पर करवा रखकर मां पार्वती की कथा का श्रवण किया। कथा श्रवण के बाद सास, जेठानी, ननद को उपहार भेंट में दिए गए। शहर के आमली पार्क सिटी, सांईसृष्टि, सांईधाम, बालाजी टाउनशिप, योगी विहार, मंदिर फलिया, 66 केवी रोड़, टोकरखाड़ा, सुन्दरवन सोसायटी, गुरुदेव कॉम्पलेक्स में महिलाओं ने समूह में कथा सुनी एवं चौथ माता के गीत गाए। सवेरे घर का कामकाज निपटाने के बाद महिलाओं ने नए कपड़े व हाथों पर मेहंदी रचाकर जल, बिंदी, दूब, मोली, काजल, मेहंदी से चौथ माता का श्रृंगार किया व कथा श्रवण की। इसके बाद रात को उगते चन्द्रमा को अघ्र्य दिया गया। गांवों में भी महिलाओं ने करवा चौथ का उपवास रखा। दादरा सांई कॉम्पलेक्स में दिनभर निर्जल रहकर सुहागिनों ने करवा चौथ माता की कथा सुनी। अथाल, नरोली, मसाट, रखोली, खानवेल, खडोली में भी करवा चौथ का पर्व मनाया। इससे पूर्व सुबह आमली शिव मंदिर, बालाजी, तड़केश्वर महादेव मंदिर में महिलाओं ने पूजा-अर्चना की।
खो-खो टीम राजस्थान रवाना
सिलवासा. खेल व युवा मामलों के विभाग के सहयोग से नेशनल स्कूल गेम्स में भाग लेने के लिए दानह के अंडर 17 छात्राओं की खो-खो टीम राजस्थान के भादरा के लिए रवाना हुई। भादरा में नेशनल स्कूल गेम्स 30 अक्टूबर से होंगे। प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए 12 छात्राओं का दल कोच पातुबेन डी बोरसा व मैनेजर लक्ष्मण बी चौधरी के नेतृत्व में जम्मू-तवी एक्सप्रेस से रवाना हुआ।
Published on:
27 Oct 2018 08:29 pm
