7 अगस्त 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hit And Run Case: जिस बेटी ने समाजसेवा का सपना देखा, उसे सड़क हादसे ने छीन लिया, सूरत में छात्रा की मौत

Surat Accident: सूरत में हिट एंड रन हादसे में 22 वर्षीय छात्रा स्नेहा धोड़ी की मौत हो गई। कार की टक्कर के बाद चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।
2 min read
Google source verification

सूरत

image

Rakesh Mishra

Aug 06, 2026

Surat Accident

सड़क हादसा। प्रतीकात्मक तस्वीर

सूरत। सिविल अस्पताल के पास बने ब्रिज पर हिट एंड रन का मामला सामने आया है। हादसे में 22 वर्षीय छात्रा स्नेहा धोड़ी की मौत हो गई। स्नेहा इलेक्ट्रिक मोपेड से कॉलेज जा रही थी, तभी एक कार चालक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद छात्रा सड़क पर गिर गई, लेकिन कार चालक रुकने के बजाय मौके से फरार हो गया। घटना के बाद गंभीर रूप से घायल स्नेहा को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार कार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

साइकेट्रिस्ट बनकर समाज सेवा का था सपना

स्नेहा पढ़ाई में काफी होशियार थी। वह साइकोलॉजी में मास्टर डिग्री की पढ़ाई कर रही थी। उसका सपना आगे चलकर साइकेट्रिस्ट बनकर समाज की सेवा करने का था। उसके पिता प्रकाशभाई धोड़ी सूरत में एम्ब्रॉयडरी का कारखाना चलाते हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया कि हादसे में स्नेहा को गंभीर चोटें आई थीं। रिपोर्ट के अनुसार उसकी पीठ पर कार के टायर के निशान मिले हैं। आशंका जताई जा रही है कि टक्कर के बाद कार उसके ऊपर से निकल गई। ज्यादा खून बहने से उसकी हालत गंभीर हो गई।

इलाज के दौरान मौत

डॉक्टरों के अनुसार दुर्घटना के बाद स्नेहा के शरीर में अंदरूनी रक्तस्राव शुरू हो गया था। साथ ही कई महत्वपूर्ण अंगों को नुकसान पहुंचा था, जिसके चलते इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। परिवार के अनुसार स्नेहा ने करीब दो महीने पहले ही आंखों का नंबर हटाने के लिए सर्जरी कराई थी। बेटी की मौत के दुख के बीच परिवार ने मानवता का परिचय देते हुए उसके नेत्रदान का फैसला लिया। स्नेहा अपने माता-पिता और भाई के साथ सूरत के बॉम्बे मार्केट के पास नवजीवन सोसायटी में रहती थी।

सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली

हादसे के बाद खटोदरा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने स्नेहा के पिता की शिकायत पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ हिट एंड रन और लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया है। पुलिस अब सिविल अस्पताल ब्रिज और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। जांच के आधार पर फरार कार चालक की पहचान कर उसे पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।