
विधायक ने उठाए ट्रैफिक पुलिस पर सवाल : अधिसूचना का सख्ती से अमल कराने के लिए डीसीपी को लिखा पत्र
सूरत. पूर्व मंत्री और वराछा के विधायक कुमार कानाणी फिर एक बार प्रशासन के खिलाफ सवाल उठाने वाले पत्र के कारण सुर्खियों में आए हैं। इस बार उन्होंने शहर ट्रैफिक पुलिस विभाग पर सवाल खड़े करते हुए डिप्टी पुलिस आयुक्त को पत्र लिखा है। पत्र में उन्होंने बड़े वाहनों के शहर में प्रवेश को लेकर जारी अधिसूचना का सख्ती से पालन करवाने की मांग की है।
विधायक कानाणी ने पिछले कुछ समय से लगातार सरकार के विभिन्न विभागों की नीतियों के कारण जनता को होने वाली परेशानियों का मुद्दा उठा रहे हैं। अब शहर के ट्रैफिक विभाग के डिप्टी पुलिस आयुक्त को लिखे पत्र में उन्होंने लिखा है कि अधिसूचना के तहत शहर में सुबह सात से रात दस बजे तक लग्जरी बस और सुबह आठ से दोपहर एक बजे तथा शाम पांच बजे से रात दस बजे तक बड़े वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध है। इसके बावजूद अधिसूचना का पालन होता नहीं दिख रहा। लग्जरी बसें और बड़े वाहन प्रतिबंधित समय में भी शहर की सड़कों पर दौड़ रहे हैं। इन वाहनों के कारण हादसे भी हो रहे हैं। कई मामलों में तो व्यक्ति की जान भी गई है। इसके बावजूद ट्रैफिक पुलिस ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करती नजर नहीं आ रही है। उन्होंने डिप्टी पुलिस आयुक्त से अधिसूचना पर सख्ती से अमल करवाने की मांग की है। विधायक ने कहा कि लोगों से शिकायतें मिलने पर उन्होंने अधिकारी से इस संदर्भ में बातचीत कर कार्रवाई करने के लिए कहा था, लेकिन कोई परिणाम नहीं निकला। इसलिए अब डिप्टी पुलिस आयुक्त को पत्र लिखा है।
सात दिन में मांगा जबाव :
विधायक कानाणी ने डिप्टी पुलिस आयुक्त को लिखे पत्र में पुलिस की कार्रवाई पर सवाल खड़े करते हुए लापरवाही की वजह बताने की मांग की है। उन्होंने पत्र में लिखा है कि अब तक पुलिस कार्रवाई में ढील क्यों बरतती रही है। उन्होंने सात दिन में जबाव देने के लिए कहा है।
Published on:
10 Feb 2023 09:17 pm
बड़ी खबरें
View Allसूरत
गुजरात
ट्रेंडिंग
