
MURDER : रंजिश या फिर रंगदारी, जानिए क्यों हुआ शराब माफिया कालू पर हमला ?
सूरत. बूटलेगर कालू की हत्या के मामले में क्राइम ब्रांच ने रविवार देर रात बमरोली रोड से पांच हमलावरों को गिरफ्तार कर दावा किया है कि हमला बदला लेने के इरादे से किया था। लेकिन इस हमले के पीछे रंगदारी वसूलने का नेटवर्क सक्रिय होने की चर्चा भी हो रही है। हालांकि हमले मास्टर माइंड अजय उर्फ अज्जु समेत अन्य आरोपी फरार है। जिनकी खोज में पुलिस जुटी हंै।
क्राइम ब्रांच के सूत्रों का कहना हैं कि पांडेसरा कर्मयोगी सोसायटी निवासी किरण उर्फ माया ठाकरे (20), गुरुमुख सिंह सरदार (19), सन्नी उर्फ किशन पाटिल (19), श्रीरामनगर निवासी अक्षय पाटिल (19) व खटोदरा पंचशीलनगर निवासी राकेश भामरे उर्फ राकिया (21) हत्या में शामिल थे।
इनसे प्राथमिक पूछताछ में पता चला है कि हत्या की साजिश शातिर अज्जु उर्फ अजय सिरसाठ ने रची थी। घटना से दो दिन पूर्व भीमनगर में अजय के मित्र गणेश वाघ पर पच्चीस, अतुल व मुबारक नाम के तीन जनों ने जानलेवा हमला किया था। अजय को आशंका थी कि यह हमला कालू ने करवाया है। कालू से बदला लेने के लिए उसने उन्हें अपने साथ मिलाया।
इसके अलावा उसने रूपेश मराठे, पवन, शिवम व एक-दो अन्य लोग भी थे। साजिश के तहत वे हथियार लेकर दुपहिया वाहनों से डिंडोली ब्रिज के नीचे पहुंचे, वहां घात लगाई। रात ग्यारह बजे कार से जब कालू घर लौटा तो उसका पीछा किया। घर के सामने कार रूकते ही उस पर हमला कर दिया। कार को घेर कर चाकू-तलवार व अन्य हथियारों से ताबड़तोड़ वार शुरू कर दिए। कालू किसी तरह कार से निकल कर घर की तरफ भागा। उन्होंने पीछा कर घर की दहलीज पर ही उस पर वार किए और वह वहीं ढेर हो गया।
हमले के सभी वहां से भाग निकले। पुलिस ने बताया कि किरण, गुरुमुख और राकेश शातिर हैं। उनके खिलाफ पूर्व में भी चोरी, हत्या समेत अन्य कई मामले दर्ज हो चुके हंै। मुख्य सूत्रधार अजय व उसके साथियों की खोजबिन जारी हैं। पुलिस के दावों के बीच चर्चा है कि अज्जु ने शातिर प्रवीण राउत के गिरोह में शामिल हो गया था।
प्रवीण राउत के गिरोह के लोग जेल में से कॉल कर माफिया कालू से रंगदारी मांग रहे थे। उसे लगातार धमकियां दी जा रही है। रंगदारी के लिए अजय ने अपने साथियों के साथ मिल कर कालू पर हमला किया और उसकी हत्या की।
फरार अजय कालू का पुराना साथी
सूत्रों का कहना है कि शातिर अजय सिरसाठ उर्फ अज्जु के खिलाफ हत्या, चेन स्नैचिंग समेत एक दर्जन मामले दर्ज हो चुके है। वह पूर्व में कालू के साथ ही काम करता था। कालू उसकी मदद करता था। लेकिन साल भर पूर्व दोनों में किसी बात को लेकर विवाद होने पर उसने अपनी राह बदल दी थी। उसकी जगह राजु वाकोडे कालू का खास हो गया था। इस वजह से भी अज्जु उससे रंजिश रखे हुए था।
शमशान यात्रा में सोशल डिस्टेन्सिंग की उड़ी धज्जियां
रविवार को पोस्टमार्टम के बाद माफिया कालू की शमशान यात्रा निकाली गई। जिसमें सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ाते हुए नवागाम डिंडोली व भीमनगर झोपड़पट्टी क्षेत्र के करीब 400 लोग जमा हुए। कालू अपनी काली कमाई से झोपड़पट्टी क्षेत्र के इन लोगों की मदद करता था। पुलिस ने इन लोगों के खिलाफ महामारी एक्ट की धारा-3 व निषेधाज्ञा भंग के तहत अलग से मामला दर्ज किया है।
Published on:
08 Jun 2020 11:50 am
बड़ी खबरें
View Allसूरत
गुजरात
ट्रेंडिंग
