
NMC's wall broke for Rahul's meeting
सूरत।कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी की शुक्रवार को वराछा के जलक्रांति मैदान में होने वाली सभा को लेकर प्रशासन ने तैयारी पूरी कर ली है। मनपा की टीम ने जहां इस क्षेत्र की साफ-सफाई आदि की व्यवस्था संभाली, वहीं प्रशासन ने सुरक्षा संबंधी जांच-पड़ताल पूरी की।
सूरत में राहुल गांधी की सभा को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जहां उत्साह का वातावरण है, वहीं प्रशासन के लिए यह किसी चुनौती से कम नहीं है। यदि प्रशासनिक चूक से राहुल की सभा में कोई अवरोध होगा तो यह बड़ा राजनीतिक मुद्दा बन सकता है। इस वजह से मनपा समेत जिला प्रशासन चौकस है।
जल क्रांति मैदान में पहुंचने के लिए ऐसे तो चार-पांच रास्ते हैं, लेकिन राहुल जिस रास्ते से आएंगे, वहां की दीवार को गुरुवार को तोड़ दिया गया। मनपा अधिकारी के अनुसार सुरक्षा संबंधी प्रशासन की मांग पर ऐसा किया गया। कांग्रेस ने बाद में दीवार बनाने का वादा कर 50 हजार रुपए की डिपोजिट राशि दी है।
मनपा के कहे अनुसार दीवार बनवा देने पर डिपोजिट राशि वापस होगी, अन्यथा डिपॉजिट से दीवार का काम पूरा कराया जाएगा। इसके अलावा दीवार के समीप राहुल के काफिले के लिए रास्ता भी तैयार कराया गया है। इस क्षेत्र के चार-पांच रास्तों के आसपास की गंदगी दूर कर चूना डलवाया गया है, जिससे स्वच्छता पर सवाल खड़ा नहीं हो। इस साल स्वतंत्रता दिवस पर शहर का मुख्य कार्यक्रम जलक्रांति मैदान में ही हुआ था।
इसके आसपास विकास के कई काम हुए थे। इस वजह से मनपा को राहुल की सभा के लिए विशेष मशक्कत नहीं करनी पड़ी। खोडियारनगर के समीप महीनेभर पहले नई सडक़ बनी थी। इसके अलावा एक और सडक़ आरडीडी ने बनवाई थी। सभा स्थल के पांच सौ मीटर दूर भी सडक़ बनी थी। इस वजह से मनपा के सडक़ की स्वच्छता पर फोकस करते हुए चारों ओर स्वच्छता का वातावरण तैयार किया।
सूरत आए, नानापोंढा गए राहुल
राहुल गांधी शुक्रवार को नवसारी, वलसाड और सूरत में सभाओं को संबोधित करेंगे। गुुरुवार को वह रायबरेली के एनटीपीसी में हुए हादसे के बाद अचानक रायबरेली रवाना हो गए थे। इससे गुरुवार को तापी जिले के व्यारा और नवसारी के वांसदा में उनकी सभा स्थगित कर दी गई। गुरुवार शाम वह वापस सूरत पहुंचे। यहां से वह सीधे वापी के समीप नानापोंढा में सभा के लिए रवाना हो गए।
कार्यकर्ताओं के साथ छोटी-बड़ी बैठक करते हुए वह शाम को वापी में जन सभा को संबोधित करने पहुंचे। पार्टी सूत्रों के अनुसार शुक्रवार को वह स्थगित सभाओं को संबोधित करेंगे। इसके लिए वह व्यारा और वांसदा जाएंगे। वह वलसाड के धरमपुर में भीसभा को संबोधित करेंगे। रोड शो के साथ वह नवसारी होते हुए सूरत आएंगे। सूरत में शाम सात बजे वह वराछा के जलक्रांति मैदान में सभा को संबोधित करेंगे।
कपड़ा व्यापारियों ने बनाई रूपरेखा
कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी की सभा में शामिल होकर जीएसटी जैसी समस्याएं रखने के लिए कपड़ा व्यापारियों की बैठक गुरुवार शाम कपड़ा बाजार के गुडलक टैक्सटाइल मार्केट में रखी गई। कपड़ा व्यापारी हितेश संकलेचा ने बताया कि सूरत के कपड़ा व्यापारी सरकार से कई बार जीएसटी से पनपी व्यापारिक समस्या बता चुके हैं। अभी तक समस्याओं का समाधान नहीं किया गया है।
जीएसटी के पेचीदा रिटर्न से कपड़ा व्यापारियों का व्यापार बुरी तरह प्रभावित हुआ है। इस समस्या को कपड़ा व्यापारी शुक्रवार को राहुल गांधी के समक्ष रखेंगे। इस सिलसिले में गुडलक मार्केट में शाम को आयोजित बैठक में करीब सौ कपड़ा व्यापारी मौजूद थे। बैठक में तय किया गया कि जीएसटी से परेशान कपड़ा व्यापारी शुक्रवार शाम सहारा दरवाजा के निकट एकत्र होंगे और बाद में बाइक रैली के रूप में सभा स्थल तक जाएंगे। रैली में सैकड़ों कपड़ा व्यापारी मौजूद रहेंगे।
Published on:
04 Nov 2017 09:23 pm

बड़ी खबरें
View Allसूरत
गुजरात
ट्रेंडिंग
