
गांधीनगर-मुम्बई वंदे भारत में ऑक्यूपेंसी दर 128-130 से बढक़र 145 फिसदी हुई
देश की पहली वंदे भारत ट्रेन नई दिल्ली से वाराणसी और दूसरी नई दिल्ली से श्रीमाता वैष्णो देवी कटरा रूट पर शुरू की गई थी। अब तक 25 से अधिक वंदे भारत ट्रेन चल चुकी हैं। लग्जरी सुविधाओं से भरपूर ये ट्रेन यात्रियों को आरामदायक सफर तो करवा रही हैं, लेकिन इनका किराया काफी ज्यादा है। शायद यही वजह है कि कई रूट्स पर वंदे भारत ट्रेन घाटे का सौदा बनी हुई है। सूत्रों के मुताबिक अब रेलवे कुछ वंदे भारत ट्रेनों के किराए में कमी की तैयारी कर रहा है। साथ ही कम यात्रियों वाली कुछ कम दूरी की वंदे भारत के विस्तार और किराए की भी समीक्षा हो रही है, ताकि कम किराये पर यात्रियों के सफर को अधिक सुविधाजनक बनाया जा सके।
अधिकांश में 100 फिसदी से अधिक ऑक्यूपेंसी
अधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, कुछ कम व्यस्तता वाली ट्रेनों को छोडक़र, इस सेमी-हाई स्पीड ट्रेन की अधिकांश सेवाएं 100 फिसदी से अधिक ऑक्यूपेंसी के साथ चल रही हैं। पश्चिम रेलवे में तीन वंदे भारत एक्सप्रेस चलती हैं। जोन की पहली वंदे भारत का उद्घाटन 30 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया था। 20902 गांधीनगर-मुम्बई वंदे भारत एक्सप्रेस में एक अक्टूबर 2022 से 10 जुलाई 2023 तक कुल 3,58,113 यात्रियों ने सफर किया, जिससे रेलवे को 3,63,846,149 रुपए की आय हुई थी। मुम्बई जाने वाली वंदे भारत में ऑक्यूपेंसी दर 131.30 प्रतिशत थी। वापसी के फेरे में 20901 मुम्बई-गांधीनगर वंदे भारत एक्सप्रेस में एक अक्टूबर से 10 जुलाई तक कुल 3,49,252 यात्रियों ने सफर किया था, जिससे रेलवे को 3,41,759,185 रुपए की आय हुई थी। अहमदाबाद जाने वाली वंदे भारत में ऑक्यूपेंसी दर 128.05 प्रतिशत से पांच माह में बढक़र 145 प्रतिशत तक पहुंच गई है। इन आंकड़ों से अंदाजा लगाया जा सकता है कि मुम्बई-अहमदाबाद-मुम्बई वंदे भारत एक्सप्रेस कितनी लोकप्रिय है। गौरतलब है कि, भारती रेलवे वंदे भारत को अब स्लीपर डिब्बों के साथ उतारने की तैयारी में है। यह ट्रेन सबसे पहले पश्चिम रेलवे रूट पर चलाई जाने की संभावना व्यक्त की जा रही है।
जामनगर-अहमदाबाद को सूरत तक विस्तार
जामनगर-अहमदाबाद वंदे भारत जल्द ही सूरत तक दौड़ेगी। इसका ट्रायल भी 9 नवंबर को हुआ था। इसके बाद अब रेलवे बोर्ड की ओर से विस्तार की मंजूरी देना शेष है। इसे उधना स्टेशन से चलाया जाएगा। केंद्रीय रेल और कपड़ा राज्यमंत्री दर्शनाबेन जरदोष ने सोशल मीडिया पर जामनगर-सूरत वंदे भारत का शेड्यूल भी जारी किया है। 22925/26 अहमदाबाद-जामनगर वंदे भारत को उधना (सूरत) तक बढ़ाया है। जामनगर से सुबह 5.45 बजे रवाना होकर अहमदाबाद सुबह 10.10 बजे और उधना दोपहर 1.10 बजे पहुंचेगी। वापसी में उधना से दोपहर 3.15 बजे रवाना होकर अहमदाबाद शाम 6.05 बजे और जामनगर रात 10.35 बजे पहुंचेगी।
इन रूटों पर सबसे कम ऑक्यूपेंसी
सूत्रों के मुताबिक, साबरमती-जोधपुर, रानी कमलापति-जबलपुर, इंदौर-भोपाल, भोपाल-जबलपुर और नागपुर-बिलासपुर एक्सप्रेस जैसी वंदे भारत ट्रेनों में ऑक्यूपेंसी रेट 100 प्रतिशत से कम है। साबरमती-जोधपुर वंदे भारत एक्सप्रेस का ऑक्युपेंसी दर 75 प्रतिशत है। पूर्व के आंकड़ों के अनुसार, भोपाल-इंदौर वंदे भारत में केवल 29 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई। जबकि इंदौर-भोपाल वंदे भारत एक्सप्रेस की वापसी यात्रा में केवल 21 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी थी। अब रेलवे कुछ वंदे भारत ट्रेनों के किराए की समीक्षा कर रही है। छोटी दूरी की वंदे भारत एक्सप्रेस का विस्तार और ज्यादा मांग वाले रूटों पर अतिरिक्त वंदे भारत सुपरफास्ट चलाने पर विचार हो रहा है। इसमें मुम्बई-अहमदाबाद के बीच एक और वंदे भारत ट्रेन चलाने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
Published on:
24 Nov 2023 09:16 pm
बड़ी खबरें
View Allसूरत
गुजरात
ट्रेंडिंग
