18 जनवरी 2026,

रविवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

प्राचार्य बन गए क्लर्क !

- विद्यार्थियों को पढ़ाना छोड़ सर्विस बुक की एन्ट्री करने में जुटे- ऑनलाइन जानकारी जमा करने में विद्यार्थियों की पढ़ाई पर असर

less than 1 minute read
Google source verification
प्राचार्य बन गए क्लर्क !

प्राचार्य बन गए क्लर्क !

सूरत.
नगर प्राथमिक शिक्षा समिति के प्राचार्य क्लर्क बन गए हैं। विद्यार्थियों को पढ़ाने की जगह अब सर्विस बुक की एन्ट्री में प्राचार्यों को व्यस्त होना पड़ रहा है। इसका असर विद्यार्थियों की पढ़ाई पर हो रहा है। समिति की ओर से सौंपे गए इस काम से प्राचार्यों में नाराजगी है।

सरकार की ओर से अब सारे कामों की जानकारी ऑनलाइन मांगी जा रही है। पहले तो विद्यार्थियों और शिक्षकों की उपस्थिति की जानकारी ऑनलाइन दर्ज करवाने पर जोर दिया जा रहा है। इसके साथ अब सरकारी स्कूलों के प्राचार्यों, शिक्षकों और अन्य कर्मचारियों की सर्विस बुक से लेकर अन्य सभी तरह की जानकारी भी ऑनलाइन मांगी जा रही है। नगर प्राथमिक शिक्षा समिति ने इस काम का जिम्मा क्लर्क की जगह समिति स्कूलों के प्राचार्यों पर थोप दिया है।

स्कूल के प्राचार्यों को समिति कार्यालय पर बुलाकर सभी की सर्विस बुक की जानकारी ऑनलाइन जमा करने का निर्देश दिया गया है। इसमें भी एक समस्या है। कई प्राचार्यों, शिक्षकों और अन्य कर्मचारियों की सर्विस बुक अधूरी है। सर्विस बुक में छुट्टी की जानकारी, नौकरी की नियुक्ति, प्रमोशन, ट्रांसफर, वेतनमान, त्रिपल सी परीक्षा और अन्य कई जानकारी दर्ज की जाती है।

यह जानकारी अधूरी होने के कारण ऑनलाइन जानकारी जमा करने में दिक्कत आ रही है। प्राचार्यों का कहना है कि इस अधूरी जानकारी को दर्ज करने का जिम्मा समिति क्लर्क का है, लेकिन इस काम को भी उन पर थोप दिया गया है। प्राचार्यों को ही सारी जानकारी खोज कर सर्विस बुक पूर्ण करनी है उसके बाद इसकी जानकारी ऑनलाइन जमा करनी है। इस कारण स्कूल में पढ़ाने का समय नहीं मिल पाता है।