11 अगस्त 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

राजस्थान विधानसभा चुनाव की गुजरात में बिछी जाजम

राजस्थान सामाजिक समरसता सम्मेलन नामक पहला कार्यक्रम सूरत में होगा
2 min read
Google source verification
patrika

राजस्थान विधानसभा चुनाव की गुजरात में बिछी जाजम

सूरत. राजस्थान में चुनाव हो और गुजरात हलचल बगैर रह जाए यह भला आज के इंटरनेट प्रधान युग में संभव हो सकता है! सही है नही हो सकता और यही कारण है कि जितने बाजे-गाजे विधानसभा चुनाव के राजस्थान में बज रहे हैं उसकी मीठी शहनाई की गूंज अब गुजरात और खासकर सूरत में भी सुनाई देने लगी है। औद्योगिकनगरी सूरत में राजस्थान विधानसभा चुनाव के सिलसिले में 28 अक्टूबर को आयोजित होने वाले राजस्थान सामाजिक समरसता सम्मेलन से इसका आगाज हो जाएगा।
यह परम्परा ही रही है कि सूरत में बसे राजस्थानी राजस्थान के तीज-त्योहार और शादी-ब्याह ही नहीं बल्कि चुनावी रीति-रिवाज को भी रच-बसकर मनाते है। ऐसा ही लोकतंत्र का त्योहार चुनाव सात दिसम्बर को वहां मनाया जाएगा और उसमें बाराती-घराती बनने की तैयारियां अभी से सूरत समेत दक्षिण गुजरात में बसे प्रवासी राजस्थानियों ने शुरू कर दी है। इस सिलसिले में 28 अक्टूबर को महाराणा प्रताप सेवा फाउंडेशन चेरिटेबल ट्रस्ट की ओर से शहर के गोडादरा रोड पर तुलसी गार्डन में राजस्थान सामाजिक समरसता सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इसमें राजस्थान प्रदेश भाजपा इकाई के अध्यक्ष मदनलाल सैनी समेत अन्य कई नेता भाग लेंगें वहीं, गुजरात भाजपा इकाई के पदाधिकारी व सांसद-विधायक भी शामिल होंगे। सम्मेलन के आयोजकों की मानें तो सूरत महानगर में राजस्थान की छत्तीस कौम के लोग लाखों की संख्या में रहते हैं और चुनाव से ऐनवक्त पहले राजस्थान सामाजिक समरसता सम्मेलन के माध्यम से प्रवासियों को भाजपा से मजबूती से जोडऩे की यह पहल है।


कई नेता आएंगे


आयोजक परिवार में शामिल भाजपा महानगर इकाई के महामंत्री किशोर बिंदल ने बताया कि महाराणा प्रताप सेवा फाउंडेशन चेरिटेबल ट्रस्ट के माध्यम से सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इसमें शहर में बसे राजस्थान के जाट समाज, राजपुरोहित समाज, राजपूत समाज, सीरवी समाज, आंजणा पटेल समाज समेत अन्य समाज के भाजपा नेता शामिल होंगे। मुख्य मेहमान के रूप में राजस्थान भाजपा इकाई के अध्यक्ष मदनलाल सैनी होंगे और केंद्रीय मंत्री पीपी चौधरी, विधानसभा सचेतक मदन राठौड़, सांसद देवजी पटेल, मंत्री ओटाराम देवासी, विधायक शंकरसिंह राजपुरोहित आदि मौजूद रहेंगे। इनके अलावा संभावित नेताओं में अन्य भी शामिल है।


प्रकाश माली बनेंगे केंद्र


सम्मेलन में मौजूद रहने वाले राजस्थानियों के बीच गायक प्रकाश माली आकर्षण का केंद्र बनेंगे। सम्मेलन की शुरुआत में शाम पांच बजे से प्रकाश माली राजस्थानी लोकगीत व भजनों की प्रस्तुति देंगे और उसके बाद शाम साढ़े सात बजे से नेताओं का सम्बोधन कार्यक्रम होगा। राजस्थान सामाजिक समरसता सम्मेलन की तैयारियों में भाजपा के प्रवासी राजस्थानी कार्यकर्ता सक्रिय हो गए है। इनमें पार्षद विजय चौमाल, लिंबायत विधानसभा प्रभारी दिनेश पुरोहित, विश्वनाथ पचेरिया, अनुराग कोठारी, बाबुलाल जैन, सज्जन महर्षि समेत अन्य कई शामिल है। कार्यकर्ताओं की पहली बैठक भाजपा कार्यालय में हो चुकी है और इसके बाद शहर के अलग-अलग हिस्सों में तैयारी बैठकें होने लगी है।