साथी कर्मचारियों की जांच Check fellow employees
वलसाड. एक हजार रुपए की घूस लेते गिरफ्तार नगर पालिका कर्मचारी की कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद से नपा में हड़कंप मच गया है। इस जानकारी के सामने आने के बाद नपा के रजिस्टर आफिस को सील कर नपा कार्यालय में सेनेटाइजर का छिड़काव किया गया। कोरोना पॉजिटिव मिले कर्मचारी के साथ काम करने वाले चार लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई। अभी तक उनकी रिपोर्ट नहीं आई है। दूसरी तरफ नपा में सेनेटाइजर मशीन लगा दी गई है और यहां आने वालों को इसमें से होकर जाना होगा। एक कर्मचारी को कोरोना होने के बाद से नपा के सभी कर्मचारी चिंतित हैं।
रिश्वत लेते पकड़ा गया नपा कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव
दो दिन पहले एक हजार रुपए की घूस लेते हुए पकड़ा गया नगर पालिका का कम्प्यूटर ऑपरेटर कोरोना पॉजिटिव मिला है। रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार होने के बाद एसीबी ने उसकी मेडिकल जांच करवाई थी। कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद नपा में हड़कंप मच गया है। इसका पता चलते ही नपा कार्यालय में सेनेटाइजर का छिड़काव शुरू कर दिया गया। उससे संपर्क में आने वाले अन्य कर्मचारियों की जानकारी प्राप्त कर उनके मेडिकल टेस्ट की तैयारी में स्वास्थ्य विभाग जुट गया है।
कोरोना को लेकर प्रशासन गंभीर
भरुच जिले में कोरोना के लगातार बढ़ रहे मामले को लेकर जिला प्रशासन गंभीर हुआ है। कलक्टर ने मंगलवार को वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर कोरोना की मौजूदा स्थिति पर चर्चा की। उन्होंने स्वास्थ्य अधिकारियों को कांट्रेक्ट ट्रेसिंग पर फोकस करने के निर्देश दिए।
पांच नए पॉजिटिव केस
भरुच जिले में मंगलवार को कोरोना के पांच नए पॉजिटिव केस सामने आये। भरुच शहर में तीन पॉजिटिव केस एवं जंबूसर में दो केस दर्ज किए गए। जिले में कोरोना मरीजों की कुल संख्या बढ़कर 98 पर पहुंच गई है। भरुच में नंदेलाव फ्लायओवर के पास स्थित बूसा सोसायटी में एक और जाडेश्वर इलाके में स्थित समृद्धि बंगलोज तथा स्वप्नसृष्टि सोसायटी में एक-एक पॉजिटिव केस दर्ज किया गया। मंगलवार को कोरोना पॉजिटिव एक मरीज ने इलाज के दौरान वडोदरा के गोत्री अस्पताल में दम तोड़ दिया। आमोद तहसील के आछोद गांव के रहने वाले एक व्यक्ति को कोरोना पॉजिटिव होने पर वडोदरा में भर्ती कराया गया था। जिले में कोरोना से मरने वालों की संख्या बढ़कर छह पर पहुंच गई है।
दमण में अब कुल आठ केस
दमण. शहर में दो नए कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। यह दोनों पहले मिले संक्रमितों के सम्पर्क में आए थे और अब दमण में कुल आठ केस मिल चुके हैं। जिला प्रशासन ने बताया कि सोमवार को डाभेल के आटियावार्ड विस्तार की एक बिल्ंिडग में एक जना कोरोना पॉजिटिव पाया गया था, वह वापी की वेलस्पन कंपनी में काम करता था। उक्त व्यक्ति के हाईरिस्क संपर्क में आए दो व्यक्तियों को क्वारंटाइन रखकर सेम्पल लिया गया था और मंगलवार को दोनों का सैम्पल पॉजिटिव आया है। दोनों पुरुष की उम्र 25-25 वर्ष है। दोनों नए कोरोना संक्रमितों को उपचार के लिए मरवड़ के कोविड-19 अस्पताल में भेजा गया है।