
दांडी में नमक सत्याग्रह स्मारक और संग्रहालय देश को समर्पित
दांडी (नवसारी). प्रधानमंत्री मोदी ने बुधवार को नवसारी जिले के दांडी में महात्मा गांधी से जुड़े नमक सत्याग्रह स्मारक और संग्रहालय को देश को समर्पित किया। दांडी में 15 एकड़ में फैले नमक सत्याग्रह स्मारक को 110 करोड़ की लागत से तैयार किया गया है। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आने वाले समय में यह स्मारक देश और दुनिया के सबसे आकर्षक स्थानोंं मेें से एक बन जाएगा। पर्यटन की दृष्टि से भी गुजरात को इस स्मारक से और ज्यादा ताकत मिलने वाली है । पीएम ने कहा कि जब गांधीजी ने सत्याग्रह के लिए नमक को चुना था, तो कुछ लोगों ने इसका विरोध किया, लेकिन गांधीजी ने अपना अभियान जारी रखा। क्योंकि वे इसके महत्त्व को जानते थे। उस समय जो नमक के प्रयोग को छोटा समझते थे। उस तरह की मानसिकता हमारे देश में उस दौर में भी थी और आज भी है। कुछ लोग सवाल करते हैं कि साफ सफाई क्या पीएम का काम है, गैस कनेक्शन देने से क्या जीवन बदलता है, बैंक खाता खोलने से क्या गरीब अमीर हो जाएगा। ये सारे सवाल देश भूलेगा नहीं। जब समाज सकारात्मकता के साथ आगे बढ़ता है, तभी यह बड़े-बड़े संकल्प सिद्ध कर पाता है।
पूरे देश को खुले में शौच से मुक्त करना है
इस वर्ष जब हम बापू की 150वीं जयंती मनाने वाले हैं, तब तक पूरे देश को खुले में शौच से मुक्त करना है। उन्होंने कहा कि 2014 में हमारी सरकार बनने से पहले ग्रामीण स्वच्छता का दायरा मात्र 38 प्रतिशत था वो अब बढक़र 98 प्रतिशत हो गया है। इसका अर्थ है कि देश लक्ष्य के बहुत निकट है। पीएम ने आगे कहा कि आज खादी देश में फैशन तो बन ही चुकी है, इसके अतिरिक्त यह आजादी की कहानी बताने और महिला सशक्तीकरण का एक शक्तिशाली माध्यम भी बन रही है।
Published on:
30 Jan 2019 11:06 pm
बड़ी खबरें
View Allसूरत
गुजरात
ट्रेंडिंग
