
SURAT FOSTTA ELECTION: फोस्टा चुनाव समिति निर्वाचन स्थल की तैयारियों में जुटी
सूरत. फैडरेशन ऑफ सूरत टेक्सटाइल ट्रेडर्स एसोसिएशन की चुनाव प्रक्रिया में अब तेजी दिखने लग रही है। फोस्टा कार्यालय में सूरत कपड़ा मंडी के टेक्सटाइल मार्केट्स से मतदाता प्रपत्र पहुंचने के दौर के बीच चुनाव समिति ने भी चुनाव करवाने के लिए निर्वाचन स्थल का मौका-मुआयना भी शुरू कर दिया है।एशिया की सबसे बड़ी सूरत कपड़ा मंडी के व्यापारिक संगठन फोस्टा के आठ वर्ष बाद चुनाव का अवसर आया है। हालांकि चुनावी गतिविधि के बीच नई फोस्टा (फैडरेशन ऑफ सूरत टेक्सटाइल एसोसिएशन) के गठन व रजिस्ट्रेशन का चौंकाने वाला मामला भी सामने आया है। इन सबके बीच गुरुवार शाम तक फोस्टा कार्यालय में 50 से ज्यादा मार्केट्स से मतदाता प्रपत्र भरकर आए हैं। वहीं, फोस्टा चुनाव समिति ने 15 जुलाई से पहले फोस्टा चुनाव करवाने के लिए निर्वाचन स्थलों की जांच व मौका-मुआयना भी शुरू कर दिया है। गुरुवार शाम को समिति के पदाधिकारियों ने रिंगरोड स्थित जेजे टेक्सटाइल मार्केट के पार्किंग परिसर में फोस्टा चुनाव कराए जाने की सुविधाओं के बारे में स्थल का मौका-मुआयना कर जाना है।
-रिंगरोड पर ही चुनाव करवाने पर जोर :
फोस्टा चुनाव समिति के पदाधिकारी गुरुवार शाम को बृजमोहन अग्रवाल, अशोक जैन, शंभु पोद्दार, गुरमुख कुंगवानी व महेंद्रपाल खुराना जेजे मार्केट के पार्किंग परिसर पहुंचे। यहां समिति पदाधिकारियों ने सुविधाओं, व्यवस्था आदि के बारे में जाना। फोस्टा चुनाव के लिए जेजे मार्केट के अलावा गुडलक मार्केट पार्किंग परिसर, कृषि बाजार आदि स्थलों का भी समिति मौका-मुआयना कर चुनावी सुविधा के बारे में जानेंगे। समिति ने बताया कि सूरत के सभी टेक्सटाइल मार्केट्स से कपड़ा व्यापारी मतदाताओं के प्रपत्र भरकर 31 मई तक पहुंचा दिए जाएंगे। इसके बाद चुनाव गतिविधि में अधिक तेजी दिखाई देगी।
Published on:
25 May 2023 09:27 pm
बड़ी खबरें
View Allसूरत
गुजरात
ट्रेंडिंग
