
SURAT MAHASHIVRATRI NEWS: भगवान शिव को समर्पित होने लगे घी के कमल
सूरत. महाशिवरात्रि पर्व के नजदीकी दिनों में शहर के विभिन्न शिवालयों में भगवान शिव की अनूठी झांकी व घी के कमल सामान्य रूप से दिखाई देने लगते हैं। यह शहर की पुरानी परम्परा है और सैकड़ों-हजारों शिवालयों में इन दिनों घी के कमल की झांकी श्रद्धालुओं को देखने को मिलती है। मान्यता है कि बिल्वपत्र के समान ही घी के कमल का खास महत्व है।शहर के वेसू-भरथाणा स्थित भरतेश्वर महादेव मंदिर में बुधवार को भगवान शिव के श्रृंगार के लिए घी के कमल व झांकी तैयार की गई। इस संबंध में मंदिर के पुजारी गणपत त्रिवेदी ने बताया कि महाशिवरात्रि पर्व पर विशेष 11 घी के कमल व झांकी तैयार करने के लिए जामखंभालिया का विशेष 31 किलोग्राम देसी घी मंगवाया गया था। घी के कमल व झांकी निर्माण से पहले घी को काफी समय तक मथकर गाढ़ा किया गया। उसके बाद लकड़ी के फ्रेम में पहले घी को जमाया और बाद में आर्टिस्ट अमृतभाई ने शिव विवाह की अष्टमंगला फेरे की झांकी सजाई। इसी तरह से कमल के सांचे में घी के कमल बनाए गए हैं। पुजारी त्रिवेदी ने आगे बताया कि शिव विवाह की झांकी व घी के कमल को अभी पानी में रखा गया है ताकि वह जमे रहे। बाद में महाशिवरात्रि पर्व की वेला पर इन्हें भगवान शिव को समर्पित किया जाएगा। शहर के अधिकांश शिव मंदिरों में महाशिवरात्रि पर्व के दौरान घी के कमल भगवान शिव को समर्पित किए जाने की परम्परा है।
चार प्रहर पूजन व रुद्राभिषेक होगा
सूरत. महाशिवरात्रि पर्व के उपलक्ष में श्रीशिव भक्त मंडल की ओर से प्रथम श्रीमहाशिवरात्रि चतुर्थ प्रहर पूजन व रुद्राभिषेक कार्यक्रम शनिवार को होगा। मंडल के जगदीश कोठारी ने बताया कि कार्यक्रम शाम पांच बजे से सारोली स्थित विप्र गौरव भवन में आयोजित किया जाएगा। आचार्य धनजी शास्त्री के सानिध्य में प्रथम प्रहर की पूजा नमक-चमक पाठ से रुद्राभिषेक के साथ होगी। इसके बाद दूसरे प्रहर की पूजा रात 10 बजे से शिवमह्मिन पाठ से होगी। तीसरे प्रहर में रात एक बजे से रुद्राष्टध्यायी पाठ से एवं चतुर्थ प्रहर की पूजा ब्रह्म मुहूर्त में षड़ंग रुद्राष्टध्यायी पाठ से रुद्राभिषेक के साथ की जाएगी।
शिवरात्रि पर गूंजेंगे भजन
सूरत. महाशिवरात्रि पर्व के उपलक्ष में सोमनाथ महादेव मित्र मंडल, उधना की ओर से आशानगर स्थित आशापुरा हनुमान मंदिर में भजन संध्या होगी। भजन संध्या का आयोजन शनिवार रात आठ बजे से होगा। इसमें स्थानीय कलाकार भजनों की प्रस्तुति देंगे।
महाशिवरात्रि पर्व मनाएंगे
सूरत. पार्ले पॉइंट स्थित श्रीराधाकृष्ण मंदिर में महाशिवरात्रि पर्व शनिवार को मनाया जाएगा। इस मौके पर मंदिर में सुबह 5 बजे से महाअभिषेक, प्रसाद व ठंडाई वितरण, भजन संध्या, महाआरती आदि के आयोजन किए जाएंगे।
शिव मंदिर की होगी स्थापना
सूरत. महाशिवरात्रि पर्व के उपलक्ष में शनिवार को डिंडोली स्थित सांईविला सोसायटी में शिव मंदिर की स्थापना की जाएगी। इस अवसर पर शुक्रवार सुबह नौ बजे शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद शनिवार को सुबह आठ बजे श्रीसोमेश्वर महादेव मंदिर में शिवलिंग की प्राण-प्रतिष्ठा होगी।
Published on:
15 Feb 2023 08:49 pm
बड़ी खबरें
View Allसूरत
गुजरात
ट्रेंडिंग
