
SURAT NEWS DAYRI: कांवड़ यात्रा निकली, बम-बम भोले गूंजा
सूरत. श्रीसोमनाथ महादेव मित्र मंडल, कांवड़ संघ की ओर से 17वीं कांवड़ यात्रा का आयोजन किया गया। संघ ने बताया कि कांवड़ यात्रा में शामिल सात सौ से ज्यादा कांवडि़ए शनिवार शाम सूरत से 50 किमी दूर बारडोली के निकट वाघेचा धाम पहुंचे थे। और वहां से रविवार सुबह कांवड़ में तापी जल भरकर नाचते-गाते, बम-बम भोले की जय-जयकार करते हुए सोमवार सुबह शहर के उधना स्थित आशानगर में श्रीआशापुरा हनुमानजी मंदिर पहुंचे थे। यहां पर सभी श्रद्धालु कांवडि़यों ने बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। संघ के संरक्षक श्रीकृष्ण शर्मा, अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल, सचिव जगदीश लखारा, रोशनलाल स्वामी समेत अन्य की देखरेख में निकली कांवड़ यात्रा के दौरान कांवडि़यों के प्रसाद, भोजन, विश्राम आदि की व्यवस्था भी बारडोली के निकट व सारोली में की गई।
सोसायटी में मनाया तीजोत्सव
पद्मिनी क्षत्राणी मंडल की ओर से तीजोत्सव का आयोजन गोडादरा स्थित प्रमुख अरण्या सोसायटी में धूमधाम से किया गया। इस मौके पर मंडल की सदस्य महिलाओं ने परंपरागत परिधान में घूमर नृत्य, भरतनाट्यम, तलवारबाजी समेत अन्य कार्यक्रमों में भाग लिया। इस मौके पर मंडल की संरक्षिका मरुधर कुंवर ने बताया कि कार्यक्रम में पद्मिनी क्षत्राणी मंडल की नई कार्यकारिणी का भी गठन किया गया। इसमें अध्यक्ष संपत कुंवर, उपाध्यक्ष बेबी कुंवर, कोषाध्यक्ष विनू बाइसा, सचिव हुकम बाइसा आदि को बनाया गया।
प्रवचन में गौ व नंदी सेवा पर संत ने दिया जोर
सारोली स्थित विप्र गौरव भवन में रविवार को आयोजित प्रवचन-सत्संग कार्यक्रम में संत सनातन महाराज ने अपने आशीर्वचन में गौसेवा व नंदी सेवा पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि सभी को सर्वजन हिताय सर्वजन सुखाय की अवधारणा के अनुसार जीते हुए मानव सेवा व गौ सेवा से जुड़ना चाहिए। महाराज राजस्थान के बालोतरा जिले में नंदीशाला का संचालन करते हैं। कार्यक्रम के दौरान विप्र फाउंडेशन अध्यक्ष घनश्याम सेवग,राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सांवरमल माटोलिया, धारेश पारीक, बच्चन पारीक, दामोदर गौड़, प्रीतम शर्मा, देवीलाल पालीवाल आदि मौजूद थे।
नंदिनी-1 में सवा लाख हनुमान चालीसा पाठ का समापन
वेसू स्थित नंदिनी-1 अपार्टमेंट में पिछले महीने से चल रहे सवा लाख हनुमान चालीसा पाठ का समापन रविवार को हर्षोल्लास के माहौल में किया गया। सोसायटी की महिला इकाई द्वारा आयोजित कार्यक्रम के समापन पर सोसायटी में रविवार शाम साढ़े सात बजे से भगवान राम, सीता, हनुमान आदि की जीवंत झांकियां सजाई गई एवं हनुमानजी महाराज के अशोक वाटिका प्रसंग की प्रस्तुति दी गई। इस मौक़े पर पूरे पंडाल को अशोक वाटिका की थीम पर फूल व फलों से सजाया गया था। आयोजन में भजनों एवं धमाल की प्रस्तुति दी गई। इस अवसर पर सोसायटीवासी और आमंत्रितजन उपस्थित रहे।
जीवन में गीता के महत्व पर दी जानकारी
पैनोरमिक एजुकेशन द्वारा रविवार को व्यक्ति के जीवन में गीता के महत्व पर सेमिनार का आयोजन केनाल रोड स्थित शांतम हॉल में किया गया। सेमिनार में श्रीहरिकृष्णदास महाराज ने छात्रों को जीवन में भगवद्गीता के महत्व से परिचित करवाया। संस्था के संचालक सीए ऋषभ डाकलिया ने बताया कि धार्मिक कार्यक्रमों के आयोजन छात्रों के मनोबल को मजबूत करता है और उनके जीवन में सकारात्मक प्रभाव डालने में मदद करता है। आयोजन का मुख्य उद्देश्य हमारे ग्रंथों द्वारा बालकों के नैतिक एवं बौद्धिक विकास करना है।
Published on:
28 Aug 2023 09:26 pm
बड़ी खबरें
View Allसूरत
गुजरात
ट्रेंडिंग
