
SURAT NEWS DAYRI: मां मनसादेवी मंदिर का सालगिरह महोत्सव आज
सूरत. भरथाणा गांव स्थित मां मनसादेवी मंदिर का 16वां सालगिरह महोत्सव शुक्रवार को धूमधाम से मनाया जाएगा। महोत्सव के दौरान कलश यात्रा, पूजा-हवन, कन्या पूजन, महाप्रसादी, भजन संध्या समेत अनेक धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। मंदिर के पुजारी जगदीशभाई मंदिरवाला व कालीदेवी चंदेल ने बताया कि कोसाड़ रोड स्थित भरथाणा गांव में मां मनसादेवी मंदिर के 16वें सालगिरह महोत्सव की शुरुआत शुक्रवार तडक़े चार बजे दुर्गा सप्तशती पाठ से होगी। इसके बाद पंचामृत अभिषेक, पांच सौ एक कन्याओं का सामूहिक पूजन, दोपहर में कलश यात्रा, पूजा-हवन, महाप्रसादी, छप्पनभोग आदि के आयोजन होंगे। रात्रि में आशापुरी भजन मंडली की ओर से भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी।
संत रोहिदास जयंती 5 को मनाएंगे
सूरत. संत शिरोमणि रोहिदास महाराज की जयंती रविवार को मनाई जाएगी। इस अवसर पर शोभायात्रा, मूर्ति स्थापना, सत्संग-कीर्तन आदि के आयोजन किए जाएंगे। संत शिरोमणि गुरु रोहिदास चर्मकासर मंडल द्वारा उगत रोड स्थित शिवगंगा सोसाइटी में संत रोहिदास महाराज मंदिर का निर्माण किया गया है। मंदिर में मूर्ति स्थापना, शोभायात्रा, भंडारा, सत्संग-कीर्तन, स्वागत आदि कार्यक्रम जयंती समारोह के दौरान किए जाएंगे। इस अवसर पर सामाजिक समरसता मंच, लोक सेवा मंडल, सिंधी समाज रामनगर,पूज सूरत सिंधी पंचायत, समस्त ब्रह्म समाज, साउथ गुजरात दलित समाज आदि यात्रा का स्वागत करेंगे। इस दौरान राममढ़ी के संत हंसमुनि महाराज, विधायक पूर्णेश मोदी समेत अन्य मेहमान मौजूद रहेंगे।
मुनि सुव्रत स्वामी जिनालय में ध्वजारोहण आज
सूरत. हरिपुरा जिनदत सूरी दादाबाड़ी परिसर स्थित श्री मुनि सुव्रत स्वामी जिनालय एवं श्री नाकोड़ा भैरव मंदिर की 34वीं वर्षगांठ शुक्रवार को मनाई जाएगी। साध्वी अभ्युदयाश्री के सानिध्य में कार्यक्रम की शुरुआत सुबह आठ बजे अष्टप्रकारी पूजा के चढ़ावे से की जाएगी। इसके बाद सतरभेदी पूजा, संघ स्वामी वात्सल्य, ध्वजारोहण आदि के आयोजन होंगे। कार्यक्रम की व्यवस्था जिनदत्त सूरी मंडल व अन्य सहयोगी संगठन संभालेंगे। इस अवसर पर जिनालय को श्रृंगारित कर रोशनी की जाएगी।
Published on:
03 Feb 2023 10:09 am
बड़ी खबरें
View Allसूरत
गुजरात
ट्रेंडिंग
