वनबंधु परिषद के एकल अभियान अन्तर्गत अभ्युदय यूथ क्लब की ओर से सम्भाग स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता की तैयारियां पूरी
सूरत. वनबंधु परिषद के एकल अभियान अन्तर्गत अभ्युदय यूथ क्लब की ओर से सम्भाग स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता की तैयारियां पूरी कर ली गई है। खेल प्रतियोगिता का आयोजन 12-13 नवम्बर को ओलपाड के निकट ताप्ती इंटरनेशनल स्कूल प्रांगण में किया जाएगा। प्रतियोगिता के सिलसिले में गुरुवार को जरूरी बैठक आयोजित की गई और इसमें एकल अभियान के पदाधिकारियों के अलावा वनबंधु परिषद, अभ्युदय यूथ क्लब के सदस्य तथा ग्रामीण अंचल के एकल सेवाव्रती मौजूद रहे। बैठक में प्रतियोगिता प्रभारी विनोद अग्रवाल ने बताया कि इस खेल प्रतियोगिता में गुजरात के नौ अंचल के 2 हजार 790 गांवों से जिला स्तर पर गत दिनों हुई खेल प्रतियोगिताओं में चयनित प्रतियोगी भाग लेंगे। प्रतियोगिता की विभिन्न व्यवस्था के दायित्वों की जिम्मेवारी बैठक में सभी सदस्यों को दी गई। प्रतियोगिता में कबड्डी, कुश्ती, ऊंची कूद, लम्बी कूद और दौड़ आदि खेल की टीमें भाग लेंगी। ्रप्रत्येक अंचल से 32 खिलाड़ी अर्थात 9 अंचलों (जिलों) के ग्रामीण क्षेत्रों से 14 वर्ष तक के 288 बालक-बालिका खिलाड़ी इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। राज्य स्तर पर चयनित खिलाड़ी अगले वर्ष जनवरी/फरवरी में राष्ट्रीय स्तर पर लखनऊ में होने वाली प्रतियोगिता के लिए खेलेंगे।
गुजरात प्रदेश माहेश्वरी समाज की मोरबी में होने वाली मीटिंग स्थगित
सूरत. मोरबी में हुई हृदयविदारक दुर्घटना से पूरा देश व्यथित है और इस दुर्भाग्यपूर्ण करुणांतिका में दीपावली और नए साल की खुशियां मनाते सैकड़ों व्यक्तियों की जीवन लीला देखते देखते समाप्त हो गई। इस हृदयविदारक घटना को ध्यान में आगामी छह नवम्बर को मोरबी में आयोजित होने वाली माहेश्वरी समाज की गुजरात प्रदेश स्तर की बैठक स्थगित की गई है। इस बैठक में प्रदेशभर से माहेश्वरी समाज के प्रतिनिधि शामिल होने वाले थे। इस संबंध में गुजरात प्रदेश माहेश्वरी सभा के अध्यक्ष गजानंद राठी ने बताया कि गुजरात का सम्पूर्ण माहेश्वरी समाज मोरबी दुखांतिका से शोकमग्न व उन सभी पीडि़त परिवारों के साथ हैं।
दीपावली स्नेहमिलन समारोह 6 को
सूरत. श्रीमाधोपुर परिषद की ओर से दीपावली स्नेहमिलन समारोह का आयोजन 6 नवम्बर रविवार को किया जाएगा। समारोह का आयोजन शाम 5 बजे से पुणा-सीमाडा केनाल रोड पर हरेकृष्णा विलेज में किया जाएगा। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम, मेधावी छात्रों का सम्मान, खेलकूद प्रतियोगिता आदि के आयोजन होंगे।
वैष्णोद्वार में गूंजे भजन-कीर्तन
सूरत. कार्तिक मास के उपलक्ष में प्रेमप्रकाश आश्रम से आयोजित होने वाली प्रभातफेरी कीर्तन यात्रा गुरुवार सुबह सिटीलाइट स्थित वैष्णोद्वार पहुंची। यहां पर वैष्णोदेवी के दरबार में माताजी के सानिध्य में भजन-कीर्तन के आयोजन किए गए। इस मौके पर प्रभातफेरी कीर्तन यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं ने अखंड ज्योत, मातारानी के दरबार के दर्शन कर प्रसाद ग्रहण किया और भजन-कीर्तन में भाग लिया। इस दौरान संत नारायणदास, शोभाराम, हजारीमल, प्रताप, मनोहर, मोरंदमल समेत प्रेमप्रकाश आश्रम ट्रस्ट के अन्य कई सदस्य भी मौजूद थे।
चातुर्मास काल की पूर्णाहुति, 24 घंटे अखंड हरिनाम संकीर्तन
सूरत. आषाढ़ पूर्णिमा को गुरु पूर्णिमा पर्व मनाया गया था और चार माह पहले इसी दिन से परवत पाटिया में डुंभाल हनुमान मंदिर में चातुर्मास काल की शुरुआत की गई और इस मौके पर श्रीरामचरित मानस के अखंड पाठ शुरू किए गए। चार माह तक मंदिर प्रांगण में लगातार चले श्रीरामचरित मानस ग्रंथ के अखंड पाठ की पूर्णाहुति गुरुवार को की गई। इस संबंध में डुंभाल हनुमान मंदिर के महंत जीतू गोस्वामी महाराज ने बताया कि पूर्णाहुति कार्यक्रम के दौरान गुरुवार सुबह मंदिर में अखंड हनुमान लीसा पाठ, हवनात्मक रामायण पाठ, महा मृत्युंजय मंत्र जप इत्यादि के आयोजन किए गए। वहीं, देवउठनी एकादशी शुक्रवार को सुबह छह बजे से शनिवार सुबह छह बजे तक 24 घंटे अखंड हरिनाम संकीर्तन का आयोजन किया जाएगा।