
SURAT NEWS DAYRI: सुखी रहने का सरल तरीका है प्रकृति से जुड़ाव-पद्मश्री भांभू
सूरत. राजस्थान के ट्रीमैन व पद्मश्री हिम्मताराम भांभू ने बुधवार सुबह भटार रोड स्थित श्रीराजस्थान विश्वकर्मा भवन में आयोजित प्रतिभावान सम्मान समारोह में कहा, व्यक्ति के सुखी रहने का एक ही तरीका है और वह यह है कि हम सभी प्रकृति के साथ जुड़ जाए। हमें प्रकृति के संसाधनों व पशु-पक्षियों की रक्षा करनी पड़ेगी। भांभू यहां दशहरे के मौके पर सुथार समाज चेरिटेबल ट्रस्ट की ओर से आयोजित समारोह में बोल रहे थे।
प्रतिभावान सम्मान समारोह के दौरान सुथार समाज के कक्षा 6 से स्नातक-अनुस्नातक विद्यार्थियों को सम्मान पत्र व उपहार भेंट में दिए गए। इसके अलावा कक्षा पांच तक के विद्यार्थियों को स्मृतिचिह्न भेंट में दिए गए। इस दौरान ट्रस्ट के पदाधिकारी व अन्य मेहमान मौजूद थे। समारोह में राजस्थान के ट्रीमैन व पद्मश्री हिम्मताराम भांभू, एसवीएनआईटी की असिस्टेंट प्रोफेसर ऋतम्भरा जांगिड़ समेत अन्य मेहमान मौजूद थे। समारोह में वक्ताओं ने बच्चों को बताया कि भविष्य में सफल होने के लिए लक्ष्य जरूरी है और लक्ष्य की प्राप्ति तक निरंतर प्रयास करते रहना चाहिए।
-जाट समाज भवन में हुआ था सम्मान
राजस्थान के ट्रीमैन व पद्मश्री हिम्मताराम भांभू के सम्मान में मंगलवार रात जाट समाज ट्रस्ट की ओर से परवत पाटिया स्थित जाट समाज भवन में समारोह का आयोजन किया गया था। इस मौके पर ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने प्रकृति प्रेमी भांभू का सम्मान किया। समारोह में उन्होंने सभी से व्यापार-व्यवसाय के साथ-साथ प्रकृति से जुडक़र रहने की भी बात कही। इस दौरान ट्रस्ट के पदाधिकारियों के अलावा समाज के लोग बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
विजयादशमी पर फरसे का पूजन
सूरत. विप्र फाउंडेशन की ओर से विजयादशमी पर्व के मौके पर बुधवार को सारोली स्थित विप्र गौरव भवन में श पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने भगवान परशुराम के फरसे का पूजन कर उत्सव मनाया।
समिति का विस्तार, बैठक 9 को
सूरत. आधे-अधूरे टेक्सटाइल मार्केट-मॉल प्रोजेक्ट मामले में सारोली कपड़ा बाजार से शुरू हुआ संघर्ष का दौर अब शहर के वेसू क्षेत्र में भी संगठित होकर पहुंच गया है। बुधवार को सारोली ब्रोकर्स व व्यापारी संघर्ष समिति की देखरेख में वेसू-अलथान संघर्ष समिति का विस्तार किया गया और इसमें नए पांच सदस्यों को जोड़ा गया और समिति में अब 30 सदस्य शामिल हो गए हैं। संघर्ष समिति की बैठक 9 अक्टूबर को होगी और इसमें वेसू-अलथान क्षेत्र में अटके प्रोजेक्ट व फंसी रकम मामले में निवेशक, ब्रोकर्स व व्यापारी चर्चा जरूरी करेंगे।
शाखा में समाज चिंतन
सूरत. श्रीक्षत्रिय युवक संघ की सूरत शाखा में बुधवार को विजयादशमी पर्व के मौके पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में श्रीक्षात्र पुरुषार्थ फाउंडेशन की केंद्रीय कार्यसमिति के सदस्य यशवर्धनसिंह व जोधपुर के छात्रनेता मोतीसिंह जोधा समेत अन्य मेहमान मौजूद रहे। इस दौरान फाउंडेशन के उद्देश्यों के बारे में विस्तार से चर्चा की गई।
प्रतिमा का किया विसर्जन
सूरत. बिहार विकास परिषद की ओर से रांदेर स्थित सिंधी समाज भवन में आयोजित दुर्गा पूजा महोत्सव में बुधवार को प्रतिमा विसर्जन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान परिषद के पदाधिकारियों के अलावा बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। महोत्सव की शुरुआत 26 सितम्बर से की गई थी।
देर रात तक प्रांगण में झूमते रहे खेलैया
सूरत. नवरात्र पर्व के उपलक्ष में शहरभर में आयोजित गरबा महोत्सव के दौरान महानवमी तिथि के मौके पर मंगलवार को देर रात्रि तक खेलैया गरबा गीतों पर झूमते रहे। इस दौरान विभिन्न राउंड चले और खेलैयों ने अलग-अलग लय-ताल में गरबा नृत्य किया। ज्यादातर सोसायटी-अपार्टमेंट में परंपरागत परिधान में खेलैयों ने मध्यरात्रि के बाद तक गरबा नृत्य में उत्साह के साथ भाग लिया। वहीं, बुधवार सुबह घरों में स्थापित किए गए जवारों का विसर्जन श्रद्धालुओं ने तापी नदी में किया।
रथयात्रा में उमड़े श्रद्धालु
सूरत. नवरात्र पर्व की पूर्णाहुति और दशहरे के मौके पर बुधवार को शहर में जुना अंबाजी मंदिर से परंपरागत रथयात्रा निकली। रथयात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़े। रथयात्रा में अम्बाजी की सवारी मंदिर प्रांगण से निकली और जुना अंबाजी रोड, बालाजी रोड आदि क्षेत्र में भ्रमण कर वापस मंदिर लौटी। इस दौरान मार्ग में जगह-जगह यात्रा का स्वागत भी किया गया।
Published on:
05 Oct 2022 09:42 pm
बड़ी खबरें
View Allसूरत
गुजरात
ट्रेंडिंग
