
SURAT NEWS: डेढ़ किमी लम्बी यात्रा, आठ किमी चली
सूरत. सिंहसत्वोत्सव के चौथे दिन रविवार सुबह 75 दीक्षार्थियों की सामूहिक शाही रथयात्रा निकली। नौ आकर्षक सवारियों में सवार दीक्षार्थियों की डेढ़ किलोमीटर लम्बी शाही रथयात्रा मजूरागेट से सुबह सवा नौ बजे रवाना हुई और तीन घंटे की अवधि के बाद आठ किलोमीटर की दूरी तय कर वेसू स्थित अध्यात्मनगरी पहुंची। यहां पर बाद में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।
आयोजक श्रीशांतिजनक श्रमणोपासक ट्रस्ट अध्यात्म परिवार ने बताया कि दीक्षार्थियों की वर्षीदान शाही रथयात्रा की तैयारियां शनिवार रात से ही जारी थी और रविवार सुबह मजूरागेट स्थित दयालजी बाग से यात्रा प्रारम्भ हुई। यात्रा के दौरान छह हाथी, दस अश्व, बैंड-बाजे और हजारों श्रद्धालु शामिल रहे। शाही रथयात्रा में सभी 75 दीक्षार्थियों के लिए रजवाड़ी स्टीमर, आर्मी टेंक, राजमहल, किला वगैरह की थीम वाले नौ सवारी वाहनों की व्यवस्था की गई थी। यात्रा मार्ग में आयोजकों की ओर से जगह-जगह शाही रथयात्रा पर पुष्पवर्षा के लिए इंतजाम किए गए थे और जैसे-जैसे यात्रा इन स्थलों से होकर गुजरी तो वहां मौजूद श्रद्धालुओं ने दीक्षार्थी अमर रहे...की गूंज करते हुए गुलाब की पंखुडिय़ों की बरसात कर दी। यात्रा के अंत में आचार्य योगतिलक सुरीश्वर महाराज समेत अन्य कई संतवृंद शामिल हुए और आठ किलोमीटर की दूरी करीब तीन घंटे में तय कर शाही रथयात्रा वेसू स्थित अध्यात्मनगरी पहुंची। यहां पर सैकड़ों की संख्या में मौजूद श्रद्धालुओं ने शाही रथयात्रा का स्वागत किया। इससे पूर्व शाही रथयात्रा के मार्ग में हजारों लोगों ने शाही रथयात्रा में शामिल दीक्षार्थियों के दर्शन किए।
-दीक्षा विधि व केशलोच आज सुबह
पांच दिवसीय सिंहसत्वोत्सव के अंतिम दिन सोमवार सुबह सभी 75 दीक्षार्थियों की श्रेष्ठ मुहूर्तकाल में दीक्षा विधि होगी। सभी दीक्षार्थी दीक्षाविधि ग्रहण कर सिलसिलेवार सांसारिकता का त्याग करेंगे। इससे पूर्व तड़के गुरु भगवंत व मुमुक्षू पंडाल में प्रवेश करेंगे और सुबह 6 बजकर 48 मिनट पर उन्हें रजोहरण प्रदान किए जाएंगे। इसके बाद सुबह 10 बजकर 8 मिनट पर केशलोच होगा और दोपहर 12 बजकर 16 मिनट पर नामकरण विधि पूर्ण की जाएगी।
Published on:
28 Nov 2021 08:28 pm
बड़ी खबरें
View Allसूरत
गुजरात
ट्रेंडिंग
