
SURAT NEWS: शतचंडी महायज्ञ की हुई पूर्णाहुति
सूरत. आषाढ़ गुप्त नवरात्र पर्व की पूर्णाहुति सोमवार को शतचंडी महायज्ञ में श्रीफल होम व बलि विधान के साथ सम्पन्न हो गई। इस अवसर पर महाआरती, भंडारा आदि के आयोजन उधना मुख्य मार्ग स्थित दक्षिणाभिमुखी श्री शनि-हनुमान मंदिर, आश्रम समेत अन्य कई मंदिर, मठ व आश्रम परिसर में साधु-संतों के सानिध्य में किए गए।
आषाढ़ गुप्त नवरात्र पर्व पर आयोजित पंचकुंडीय शतचंडी महायज्ञ के बारे में स्वामी विजयानंद महाराज ने बताया कि इस बार आषाढ़ शुक्ल प्रतिपदा 11 जुलाई को गुप्त नवरात्र पर्व रविपुष्य नक्षत्र सर्वार्थसिद्धि योग के बीच प्रारम्भ हुआ था और आश्रम परिसर में शतचंडी महायज्ञ की विधिविधान से शुरुआत की गई। कोविड-19 की गाइडलाइन के मुताबिक आश्रम में मां भगवती की आराधना में शतचंडी महायज्ञ, बगलामुखी महाविद्या अनुष्ठान, श्रीरामचरितमानस पाठ आदि के आयोजन किए गए। सुबह-शाम दो सत्र में आयोजित महायज्ञ के दौरान उज्जैन, नासिक व हरिद्वार के विप्रजनों व अन्य श्रद्धालुओं ने विभिन्न मंत्रों के साथ यज्ञवेदी में आहुतियां दी और सोमवार सुबह महायज्ञ की पूर्णाहुति श्रीफल होम व बलि विधान से की गई। महायज्ञ की पूर्णाहुति पर महाआरती व भंडारे का आयोजन भी आश्रम प्रांगण में किया गया।
-मनाएंगे गुरु पूर्णिमा महोत्सव
आषाढ़ पूर्णिमा के अवसर पर 24 जुलाई शनिवार को श्रीदक्षिणाभिमुखी शनि-हनुमान मंदिर, आश्रम प्रांगण में गुरु पूर्णिमा महोत्सव मनाया जाएगा। इस अवसर पर श्रीपंचायती महानिर्वाणी अखाड़ा के स्वामी विजयानंदपुरी महाराज समेत अन्य संतवृंद का श्रद्धालुजन विधिविधान से गुरु पूजन करेंगे। महोत्सव के दौरान आश्रम परिवार की ओर से प्रसादी का आयोजन भी किया जाएगा।
Published on:
20 Jul 2021 07:19 pm
बड़ी खबरें
View Allसूरत
गुजरात
ट्रेंडिंग
