
सूरत के 18 वर्षीय युवक का हृदय अंकलेश्वर के किशोर में धड़केगा
रांदेर निवासी एक युवक मोटरसाइकिल से फिसलने के बाद सिर में गंभीर चोट लगने के कारण अस्पताल में ब्रेनडेड घोषित किया गया। परिजनों ने अंगदान का निर्णय किया जिससे छह जनों को नया जीवन मिला है। सूरत से 43वां हृदय अंकलेश्वर के किशोर में ट्रांसप्लांट किया गया है। वहीं दोनों किडनी और लीवर सूरत निवासी तीन जनों को किरण अस्पताल में ट्रांसप्लांट किए गए हैं।
जानकारी के मुताबिक रांदेर रोड मोराभागल सुभाष गार्डन के पास एसएमसी आवास निवासी हीरल विजय महिड़ा (18) एलपी सवाणी रोड पर एक हेयर सैलून में काम करता था। वह 29 दिसंबर को सुबह घर से काम पर जा रहा था तभी रामनगर सर्कल बीआरटीएस बस स्टैंड के पास मोटरसाइकिल फिसल गई। उसे लाइफलाइन अस्पताल में भर्ती करवाया गया। सीटी स्कैन रिपोर्ट में ब्रेन हैमरेज होने की पुष्टि हुई। परिजनों ने उसे किरण अस्पताल में भर्ती कराकर न्यूरो सर्जन डॉ. भौमिक ठाकोर से इलाज शुरू कराया। 30 दिसंबर को चिकित्सकों ने उसे ब्रेनडेड घोषित किया। सूचना मिलने पर डोनेट लाइफ की टीम पहुंची और परिवार को अंगदान के बारे में बताया। सहमति मिलने के बाद एसओटीटीओ से सम्पर्क किया गया। एसओटीटीओ ने हृदय महावीर अस्पताल और किडनी व लीवर किरण अस्पताल को दान किया।
दान में मिला हृदय अंकलेश्वर निवासी 17 वर्षीय युवक में ट्रांसप्लांट किया गया। वहीं लीवर भरूच निवासी 34 वर्षीय व्यक्ति में, पहली किडनी सूरत निवासी 49 वर्षीय व्यक्ति में तथा दूसरी किडनी को सूरत निवासी 61 वर्षीय वृद्धा में किरण अस्पताल में ट्रांसप्लांट किया गया है। शहर पुलिस की मदद से हृदय को किरण अस्पताल से महावीर अस्पताल पहुंचाने के लिए ग्रीन कॉरिडोर बनाया गया। सूरत और दक्षिण गुजरात से डोनेट लाइफ ने अब तक 1061 अंगों और टिश्यू का दान किया गया है। इसमें 446 किडनी, 190 लीवर, 8 पेन्क्रियाज, 43 हृदय, 26 फेफड़े, 4 हाथ और 344 चक्षुओं का दान लेकर कुल 974 व्यक्तियों को नया जीवन मिला है।
Published on:
03 Jan 2023 05:25 pm
बड़ी खबरें
View Allसूरत
गुजरात
ट्रेंडिंग
