
सूरत. गुजरात माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की परीक्षा के हॉल टिकट वितरण के दौरान गुरुवार को शहर के स्कूल संचालकों ने कलक्टर कार्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया। संचालकों ने हॉल टिकट लेने से इनकार कर दिया है। उन्होंने चेतावनी दी कि फीस का मामला नहीं सुलझा तो वह बोर्ड परीक्षा में सहयोग नहीं देंगे। एक तरफ कुछ संचालक हॉल टिकट लेने आए तो दूसरी ओर कई संचालक कलक्टर और डीईओ को ज्ञापन देने पहुंचे।
फीस के मामले को लेकर गुजरात बोर्ड की परीक्षा संकट में घिर सकती है। गुजरात बोर्ड ने 1 मार्च से हॉल टिकट वितरण की घोषणा की थी। विद्यार्थियों तक हॉल टिकट पहुंचाने का जिम्मा स्कूल प्राचार्यों को सौंपा गया है। इसके साथ आदेश दिया गया है कि किसी भी विद्यार्थी का हॉल टिकट रोका नहीं जाएगा। हॉल टिकट रोकने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। यह आदेश जारी होने के बाद निजी स्कूल संचालक मंडल की ओर से एक पत्र सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इसमें कहा गया कि फीस का मामला सुलझ नहीं रहा है, इसलिए सभी संचालक हॉल टिकट नहीं लें। इस पत्र ने अभिभावकों को चिंता में डाल दिया था।
सूरत के नानपुरा में टीएनटीवी स्कूल में गुरुवार को हॉल टिकट का वितरण किया गया। हॉल टिकट लेने के लिए कुछ स्कूलों के प्रतिनिध कतार में खड़े नजर आए। इसके बाद बड़ी संख्या में निजी स्कूल संचालक फीस के मामले को लेकर कलक्टर कार्यालय पर एकत्रित हुए। उन्होंने विरोध प्रदर्शन किया। संचालकों ने हॉल टिकट लेने से इनकार कर दिया। उनका कहना है कि कई अभिभावकों ने फीस नहीं दी है। इससे स्कूल पर आर्थिक संकट है। गरीब अभिभावकों की हालत स्कूल समझ सकता है, लेकिन जो फीस चुका सकते हैं, वह भी फीस नहीं दे रहे हैं। ऐसे में स्कूल का खर्च, शिक्षकों का वेतन, कर्मचारियों का वेतन और अन्य कई खर्च निकालना मुश्किल हो गया है। फीस के मामले को लेकर उचित निर्णय नहीं लिया गया तो स्कूल हॉल टिकट नहीं लेंगे। संचालकों ने कलक्टर के साथ जिला शिक्षा अधिकारी को भी ज्ञापन सौंपा है।
Updated on:
01 Mar 2018 06:16 pm
Published on:
01 Mar 2018 06:16 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
