सूरत. चैत्र शुक्ल प्रतिपदा के अवसर पर बुधवार से आद्यशक्ति मां जगदम्बा की आराधना का नौ दिवसीय पर्व शुरू हुआ। वहीं, कई त्योहार और उत्सव भी एक साथ मनाए गए। इनमें नववर्ष, गौतम जयंती, चेटीचंड, गुडीपड़वा आदि शामिल रहे। सूरत. न्यायशास्त्र के प्रणेता अक्षपाद महर्षि गौतम की जयंती चैत्र शुक्ल प्रतिपदा बुधवार को श्री महर्षि गौतम गुर्जरगौड़ ब्राह्मण सेवा समिति की ओर से हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। समाज के अध्यक्ष भवानीशंकर पंचारिया ने बताया कि परवत पाटिया में आईमाता रोड स्थित डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी हॉल में जयंती समारोह की शुरुआत शाम चार बजे गणगौर पूजन व सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ की गई। इस दौरान समाज की महिला इकाई सक्रिय रही। इससे पूर्व समिति के पदाधिकारियों व सदस्यों ने पं. माणिक शास्त्री व अन्य की मौजूदगी में महर्षि गौतम की प्रतिमा मंत्रोच्चार के साथ स्थापित की गई। बाद में भजन-कीर्तन की प्रस्तुति सुरेश जोशी समेत अन्य गायक कलाकारों ने दी। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में गुर्जरगौड़ समाज के महिला-पुरुष मौजूद रहे। इस दौरान हॉल में महर्षि गौतम के जयकारे गूंजते रहे। कार्यक्रम में महाप्रसादी से पहले महर्षि गौतम की महाआरती की गई।