
जो देश सबसे ज्यादा हथियार बेचने वाला, वही बना शांति का रखवाला
Written and Uploaded By : Ram Naresh Gautam
राम नरेश गौतम
जयपुर. मेरा कातिल ही मेरा मुंसिफ है, क्या मिरे हक में फैसला देगा...सुदर्शन फाकिर की ये पंक्तियां शांति रूपी फरियादी पर फिट बैठती हैं। क्योंकि संयुक्त राष्ट्र के शांति स्थापना अभियान को सबसे ज्यादा मदद दे रहे देशों में से 8 ऐसे हैं, जो दुनिया भर के हथियार बेचने वाले शीर्ष 10 देशों में शुमार हैं।
ये देश हैं अमरीका, रूस, फ्रांस, चीन, जर्मनी, यूनाइटेड किंग्डम, इटली और दक्षिण कोरिया। हथियार बेचने वालों में अकेले अमरीका का हिस्सा एक तिहाई से ज्यादा है।
यही अमरीका यूएन के शांति मिशन में एक चौथाई से ज्यादा मदद देता है। दिलचस्प यह भी है कि अमरीका और यूनाइटेड किंंग्डम के 200 से ज्यादा सरकारी, गैरसरकारी संगठन शांति स्थापना में जुटे हैं।
यूं बढ़ रहा अशांति के औजारों का कारोबार
नॉलेज फॉर पॉलिसी के अनुसार बीते दो दशकों में वैश्विक सैन्य खर्च में 75 प्रतिशत का इजाफा हुआ है। कोरोनाकाल से पहले तक के उपलब्ध आंकड़ों के आधार पर स्टॉकहोम इंटरनेशनल पीस रिसर्च इंस्टीट्यूट ने बताया कि दुनिया की शीर्ष 100 हथियार निर्माता कंपनियों ने 420 अरब डॉलर के हथियार बेचे हैं, इनमें चीन की कंपनियां शामिल नहीं हैं। जबकि संयुक्त राष्ट्र के शांति मिशन का बजट करीब 7 अरब डॉलर ही है।
शांतिदूत भी कम नहीं
संयुक्त राष्ट्र ने 1 जुलाई 2022 से जून 2023 के दौरान शांति स्थापना मिशन का बजट 6.45 अरब डॉलर तय किया है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कम से कम 24 संस्थान युद्धों के खिलाफ अभियान चला रहे हैं।
राष्ट्रीय स्तरों पर काम कर रहे ऐसे संगठनों की संख्या करीब 200 है। वहीं, दुनिया में कम से कम 280 संस्थाएं शांति स्थापना का का कर रही हैं। अकेले अमरीका में 110 और यूनाइटेड किंग्डम में करीब 50 संस्थान हैं।
Published on:
21 Sept 2022 07:02 pm

बड़ी खबरें
View Allसूरत
गुजरात
ट्रेंडिंग
