
TIRNAGA YATRA@SURAT: चार किलोमीटर की दूरी हुई चार घंटे में पूरी
सूरत. आजादी के अमृत महोत्सव का अमृत कलश बुधवार को एशिया की सबसे बड़ी सूरत कपड़ा मंडी के रिंगरोड कपड़ा बाजार में निकली तिरंगा यात्रा के दौरान चार घंटे तक लगातार छलकता रहा। यात्रा को महज चार किलोमीटर की दूरी नापने में चार घंटे का समय लग गया। यात्रा में शामिल हजारों कपड़ा व्यापारियों के हाथों में लहराते राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे से रिंगरोड की शक्ल पूरी तरह से तिरंगामय बनी रही। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी संदेश संबोधन में सूरती लालाओं की जमकर प्रशंसा की।
करीब एक माह की तैयारियों के बाद बुधवार को सूरत कपड़ा मंडी के कपड़ा व्यापारियों के समूह साकेत सेवा ही लक्ष्य की ओर से तिरंगा यात्रा निकाली गई। शाम चार बजे रिंगरोड कपड़ा बाजार स्थित सूरत टेक्सटाइल मार्केट के सामने तिरंगा यात्रा की शुरुआत से पूर्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वागत उद्बोधन को सभी ने सुना। कपड़ा बाजार में यात्रा की शुरुआत भले ही ठीक शाम चार बजे की गई, लेकिन इससे दो-तीन घंटे पहले से ही क्षेत्र में तिरंगा यात्रा का माहौल बन गया था। सहारा दरवाजा से कमेला दरवाजा तक रिंगरोड पर चारों तरफ उत्साह से भरे युवा हाथों में तिरंगा ध्वज लहराते हुए दिखाई दिए वहीं, सूरत टेक्सटाइल मार्केट के अलावा अन्य टेक्सटाइल मार्केट्स के बाहर यात्रा के स्वागत में बनाए गए तोरणद्वार व मंच पर देशभक्ति गीत गूंजते रहे। सूरत टेक्सटाइल मार्केट के बाहर से तिरंगा यात्रा चार बजते ही रवाना हो गई और इसमें हजारों कपड़ा व्यापारी हाथ में तिरंगा ध्वज लेकर शामिल हुए। इस दौरान पूरे रास्ते में भारतमाता की जय..., वंदेमातरम और जयश्रीराम की गूंज होती रही। तिरंगा यात्रा रिंगरोड कपड़ा बाजार में चार किलोमीटर तक चली लेकिन, यात्रा को यह दूरी नापने में ही चार घंटे का समय लग गया। इससे यात्रा और यात्रा में शामिल लोगों की संख्या और उत्साह का अंदाजा लगाया जा सकता है। यात्रा में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल, महापौर हेमाली बोघावाला, केंद्रीय वस्त्र व रेल राज्यमंत्री दर्शना जरदोष, गुजरात सरकार के केबिनेट मंत्री पूर्णेश मोदी व गृहराज्यमंत्री हर्ष संघवी, विधायक विवेक पटेल, अरविंद राणा, संगीता पाटिल समेत अन्य लोग खुली जीप में मौजूद थे।
सूरती लाला जो ठाने वो करके दिखाए-मोदी
तिरंगा यात्रा के शुरुआती मौके पर प्रधानमंत्री ने स्वागत संदेश दिया और कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष में सूरत में कई तरह के कार्यक्रमों का दौर चल रहा है। इसमें सूरती लालाओं ने अभूतपूर्व तिरंगा यात्रा निकालने की तैयारी की है। सूरती लाला जो ठानते हैं वो करके दिखाते ही हैं और इसका बड़ा इतिहास रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने कपड़ा व्यापारियों के समूह साकेत सेवा ही लक्ष्य के सेवाकार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यह सूरत की जीवटता और सबके प्रति समान भाव ही है जो उन्हें सदैव सद्कार्य करते रहने की प्रेरणा देते रहता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वागत उद्बोधन में 10 मिनट और 40 सैकंड तक बोले।
छोटूसिंह रावणा के गीतों से फड?ी भुजाएं
तिरंगा यात्रा के मुख्य आकर्षण में रिंगरोड पर लहराते हजारों तिरंगा ध्वज रहे वहीं, लोकगायक छोटूसिंह रावणा ने भी पूरी यात्रा में युवावर्ग को देशभक्ति के रससागर में गोते लगाते रहने को मजबूर रखा। राजस्थान के लोकगायक छोटूसिंह ने 40 फीट लम्बे ट्रेलर पर पूरे साजो-सामान के साथ लाइव देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति लगातार दी और इस दौरान युवा ही नहीं बल्कि सभी कपड़ा व्यापारी व अन्य लोग नाचते-झूमते रहे। यात्रा में लाइव रामलीला की प्रस्तुति भी दी गई और सूरत जिला टेक्सटाइल ट्रांसपोर्ट लेबर यूनियन के श्रमिक कलाकारों ने खुले टेम्पो में परंपरागत तरीके से रामलीला का मंचन किया।
इन्होंने भी सजाई यात्रा
कपड़ा व्यापारियों के समूह साकेत सेवा ही लक्ष्य की ओर से आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष में बुधवार शाम रिंगरोड कपड़ा बाजार क्षेत्र में निकली तिरंगा यात्रा को सजाने में तिरंगा साड़ी में शामिल सफाईकर्मी महिलाएं, एक परिधान में आए किन्नर, होमगाड्र्स की परेड और दमकल जवानों की दुपहिया वाहनों पर सवारी, सूरत कपड़ा मंडी के विभिन्न टेक्सटाइल मार्केट्स में कार्यरत सिक्युरिटी एजेंसी के जवानों की परेड, नासिक से आए ढोलवादक समूह में एक लय, एक तान में ढोल बजाते वादक, सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों का रथ और पूरे रास्ते में लगातार उड़ते हजारों तिरंगा बैलून भी लगातार सक्रिय रहे थे।
Published on:
11 Aug 2022 10:49 am
बड़ी खबरें
View Allसूरत
गुजरात
ट्रेंडिंग
