
मंहगे तेल के साथ दोहरी मार का सबब बन जाएगा टोल टैक्स
दिनेश एम.त्रिवेदी
सूरत. रूस व यूक्रेन युद्ध से पैदा हुए वैश्विक संकट के कारण देश में तेल (पेट्रोल-डीजल) के दामों में बढोत्तरी हो रही है और इसका सीधा असर मंहगाई पर भी पड़ रहा है। बढ़ती मंहगाई के बीच सरकार द्वारा कामरेज-चौर्यासी टोल प्लाजा पर टोल टैक्स की वसूली को जारी रखना लोगों की मुश्किलें और बढ़ा सकता हैं।
स्थानीय लोगों द्वारा लंबे समय से शहर के आस पास बने टोल प्लाजाओं पर ठेकेदार कंपनियों द्वारा कथिततौर पर मनमाने ढंग से हो रही टोल टैक्स की वसूली बंद करने की मांग की जा रही है। इसको लेकर लोगों द्वारा विरोध प्रदर्शन व शिकायतें भी की गई थी। लेकिन उन पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
आगामी 31 मार्च 2022 को टोल टैक्स वसूली करने वाली कंपनी का करार ठेका पूर्ण हो रहा है। ऐसे में लोगों को उम्मीद थी कि अप्रेल 2022 से उन्हें टोल टैक्स में राहत मिलेगी। क्योंकि सडक़ परिवहन व राजमार्ग मंत्रालय द्वारा 2011 में जारी किए गए परिपत्र में कन्सेशन करार पूर्ण होने टोल टैक्स में 60 फीसदी राहत देने का उल्लेख किया गया था।
भारत सरकार के गजट में भी करार पूर्ण होने के बाद वाहन चालकों से 40 फीसदी टोल टैक्स वसूलने का उल्लेख किया गया था। लेकिन सूत्रों का कहना हैं नेशनल हाईवे ऑथोरिटी ने लोगों को राहत देने के बदले उनसे पूरा टोल टैक्स वसूलने की तैयारी कर ली है।
इसके लिए दिल्ली से सरकार की मंजूरी भी ले ली है। नए सिरे से ठेका देने की कवायद भी शुरू हो गई है। ऐसे में लागतार मंहगे हो रहे तेल (पेट्रोल-डीजल)के साथ टोल टैक्स की दोहरी मार लोगों की मुश्किलें और बढ़ा सकती हैं। टोल टैक्स विरोध फिर जोर पकड़ सकता है।
प्रतिदिन 40 हजार वाहन गुजरते हैं कामरेज-चौर्यासी टोल प्लाजा से
जानकारों की माने तो कामरेज-चौर्यासी टोल प्लाजा से प्रतिदिन करीब 40 हजार वाहन गुजरते हैं। इनमें करीब 10 हजार स्थानीय वाहन शामिल हैं। राउन्ड ट्रिप के लिए कार से 120, टेम्पो से 210, बस से 425 व ट्रक से 680 रुपए वसूले जाते हैं।
कम तो नहीं होगा, लेकिन बढ़ेगा भी नहीं
ेएक अप्रेल से टोल टैक्स में कोई राहत नहीं होगी। लेकिन टोल टैक्स में जो सालाना बढोत्तरी होती है वह नहीं होगी। टोल टैक्स में 60 फीसदी की राहत कुछ शर्ते पूरी होने के बाद ही दी जाती है। जैसे कोई अतिरिक्त निर्माण नहीं हुआ तो प्रोजेक्ट के लिए जरुरी राशी की वसूली हो गई हो आदि। लेकिन यहां निर्माण कार्य हुआ ह और कुछ निर्माण कार्य जारी है।
- सूरज कुमार (प्रोजेक्ट मैनेजर, एनएचएआई पीआईयू भरुच)
Published on:
29 Mar 2022 09:31 pm
बड़ी खबरें
View Allसूरत
गुजरात
ट्रेंडिंग
