
ज्यादा रुपए लेकर उपलब्ध कराते थे रेल टिकट
वापी. आरपीएफ ने वापी और दमण में छापा मारकर दोनों जगहों से सौ से ज्यादा इ टिकट जब्त कर दो लोगों को गिरफ्तार किया है। वापी आरपीएफ को सूचना मिलने के बाद वापी आरपीएफ निरीक्षक के दिशा निर्देश पर उप निरीक्षक रमण लाल गुर्जर, सहायक उप निरीक्षक विशन सिंह राठौड़, हैड कांस्टेबल परेश पटेल व कांस्टेबल शहजाद अली ने शनिवार को वीआइए रोड स्थित ट्रेड सेन्टर में लकी होटल के पीछे नोकिया पैलेस दुकान में छापा मारकर 19 हजार, 768 रुपए की 14 इ टिकट जब्त की। इनमें से छह टिकट पर यात्रा बाकी है। दुकान से एक लेपटॉप और मोबाइल भी जब्त कर आरोपी मोहम्मद सुफियान पुत्र इम्तियाज अहमद अंसारी उम्र 35 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी एक टिकट पर सौ से डेढ़ सौ रुपए ज्यादा लेकर टिकट निकालता था।
दमण में सनी मोबाइल पर छापा
एक अन्य मामले में सूरत अपराध शाखा के निरीक्षक अरुण कुमार सिंह को मिली सूचना के आधार पर एसआईपीएफ भूपत ङ्क्षसह और कांस्टेबल मुकेश सिंह ने दमण में सनी मोबाइल दुकान में दबिश दी। जहां से दुकान संचालक सनी तालुकदार पुत्र सुधीर तालुकदार उम्र 32 के पास से 93 इ टिकट जब्त की। इनमें से 26 टिकटों पर यात्रा बाकी है। सभी टिकटों की कीमत १ लाख, 85 हजार, 262 रुपए है। आरोपी के पास आईआरटीसी का लाइसेन्स भी नहीं है। वह इ टिकटों की कालाबाजारी करता था। दुकान से लेपटॉप व मोबाइल समेत अन्य सामान जब्त कर आगे की कार्रवाई के लिए वापी आरपीएफ को सुपुर्द किया गया है। यह कार्रवाई भी शनिवार को की गई थी। आरोपी ने बताया कि वह प्रति टिकट 50 से सौ रुपए अधिक लेता था।
Published on:
25 Aug 2019, 10:36 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.