
सी प्लेन की अगवानी को वाटर एरोड्रम तैयार
भरुच/नर्मदा. सी प्लेन की अगवानी के लिए केवडिया में वाटर एरोड्रम तैयार हो गया है। नर्मदा बांध के तीन नंबर तालाब को एरोड्रम के लिए तैयार किया गया है। अहमदाबाद से केवडिया के बीच चलने वाले सी प्लेन में एक बार में 14 यात्री सवार हो सकेंगे और इसके लिए हर यात्री को 4800 रुपये खर्च करने होंगे। प्रधानमंत्री 31 अक्टूबर को अहमदाबाद के साबरमती से सी प्लेन में केवडिया आ रहे हैं। इसके बाद इसे आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा। सी प्लेन के लिए नर्मदा बांध के तालाब नंबर तीन में वाटर एरोड्रम को तैयार जेटी लगा दी गई है। दो दिन में सी प्लेन का ट्रायल रन होगा।
तालाब नंबर तीन में फ्लोटिंग जेटी को उतार दिया गया है। सी प्लेन में सवार होकर जो भी अतिथि आयेंगे उनके चढऩे-उतरने के लिए एक टर्मिनल भी बनाया गया है। पीएम के कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन अतिरिक्त सतर्कता बरत रहा है। प्रधानमंत्री की सुरक्षा को देखते हुए शीर्ष अधिकारी स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए हैं।
बंद के आह्वान को देख प्रशासन सतर्क
आदिवासी संगठनों ने प्रधानमंत्री के केवडिया आगमन के विरोध में बंद का आह्वान किया है। आदिवासी नेता डॉ. प्रफुल्ल बसावा ने केवडिया बंद का एलान किया था, लेकिन केवडिया गांव के सरपंच भीखा तडवी व उप सरपंच रणजीत तडवी ने कलक्टर डी.एन. शाह पत्र लिखकर बंद से दूर रहने की बात कही है। उन्होंने प्रशासन को आश्वस्त किया कि 31 अक्टूबर को केवडिया का पूरा बाजार खुला रहेगा। इसके बाद प्रशासन ने हालांकि राहत की सांस ली है, लेकिन पुलिस प्रशासन स्थिति पर नजर रखे हुए है। राजपीपला में पुलिस ने डॉ. प्रफुल्ल बसावा पर पुलिस जवान को धमकाने का केस दर्ज किया है।
Published on:
25 Oct 2020 08:37 pm
बड़ी खबरें
View Allसूरत
गुजरात
ट्रेंडिंग
