
बगैर सूचना नई जगह पर शुरू हो गई टिकट खिडक़ी
वलसाड. वलसाड रेलवे प्रशासन ने बगैर पूर्व सूचना के रविवार से नई जगह बनी टिकट खिडक़ी को शुरू कर दिया। पुरानी जगह पर भी इसकी कोई जानकारी नहीं देने से यात्रियों को टिकट खरीदने के लिए इधर-उधर भटकना पड़ा।
वलसाड रेलवे प्रशासन ने रेलवे स्टेशन पर नई टिकट खिडक़ी का निर्माण कराया है। यह खिडक़ी बीते कई दिनों से बनकर तैयार थी और लोगों को भी उसके खुलने का इंतजार था। रविवार को अचानक स्टेशन प्रशासन ने पुरानी टिकट खिडक़ी को बंद कर नई टिकट खिडक़ी शुरू कर दी। इसकी सूचना भी पुरानी जगह पर नहीं लगाई गई थी, जिससे लोगों को टिकट खरीदने के लिए परेशान होना पड़ा। लोगों का आरोप है कि जिस जगह नई टिकट खिडक़ी बनाई गई है, वहां यात्रियों के बैठने के लिए भी रेलवे प्रशासन ने कोई व्यवस्था नहीं की है। लोगों का आरोप है कि टिकट की खरीद के लिए दिव्यांग और वरिष्ठ नागरिक भी कतार में रहते हैं। बैठने की कोई व्यवस्था नहीं होने से उनके लिए मुश्किल खड़ी हो गई है। इससे पहले स्टेशन प्रशासन ने प्लेटफार्म ४ और ५ को भी बगैर सुविधाओं के ही शुरू कर दिया था। लोगों के विरोध को देखते हुए ट्रेनों का संचालन फिर प्लेटफार्म १ से शुरू करना पड़ा था। इस मामले में रेलवे स्टेशन मैनेजर रमण लाल ने बताया कि शनिवार को दौरे पर आए डीआरएम के आदेश के बाद इसे सोमवार से शुरू किया गया है।
Updated on:
5 May 2019, 10:47 PM IST
Published on:
5 May 2019, 10:47 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.