सूरत। शहर के उत्राण क्षेत्र में पानी के मीटर लगाने के बाद एक साथ आठ महीने का बिल थमाए जाने पर महिलाओं का मनपा प्रशासन पर गुस्सा फूटा। महिलाओं ने मटके फोड़ कर मनपा के खिलाफ विरोध जताया।
महिलाओं ने बताया कि मीटर लगाते समय मनपा प्रशासन की ओर से 24 घंटे जलापूर्ति का भरोसा दिया गया था, लेकिन आज भी दो घंटे ही पानी दिया जाता है। इसके बावजूद अब एक साथ आठ महीने का बिल लोगों को थमाया गया है। इसमें आठ से दस हजार रुपए का भुगतान करने के लिए कहा गया है। एक साथ इतनी बड़ी राशि का बिल आने से महिलाओं में आक्रोश देखने को मिल रहा है। कई बार मनपा प्रशासन के समक्ष सोसायटियों ने बिल को लेकर आवाज उठाई है, लेकिन समस्या का हल नहीं निकला है। ऐसे में सोमवार को बड़ी संख्या में महिलाएं सड़क पर उतर आईं और मटके फोड़कर विरोध जताया। महिलाओं ने चेतवानी दी कि उनकी समस्या का जब तक हल नहीं निकलता, पानी के बिल की राशि का भुगतान नहीं करेंगी।