31 अक्टूबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

बाल दिवस के अवसर पर बच्चों को बना कर खिलाएं यह खास केक

बच्चों को केक्स बहुत पसंद होते हैं और बाल दिवस यानी कि 14 नवंबर के दिन भी उन्हें केक सर्व किया जाए तो वे खुशी से झूम उठेंगे।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

•

image

Amanpreet Kaur

•

Updated: 13 Nov 2017, 4:39 PM IST

black forest cake

black forest cake

बच्चों को केक्स बहुत पसंद होते हैं और बाल दिवस यानी कि 14 नवंबर के दिन भी उन्हें केक सर्व किया जाए तो वे खुशी से झूम उठेंगे। इस बार घर पर बनाएं ब्लैक फोरेस्ट केक। इसे बनाना बहुत आसान है। यहां पढ़ें ब्लैक फोरेस्ट केक की रेसिपी -

सामग्री -

क्रीम - 350 ग्राम (1.5 कप)
डार्क चॉकलेट कम्पाउंड - 200 ग्राम
आइसिंग सुगर - 150 ग्राम (1 कप)
वनिला एसेंस - ½ छोटी चम्मच
मक्खन - 50 ग्राम (1/4 कप पिघला हुआ)
शहद - 2 बड़े चम्मच
चॉकलेट केक - 7 इंच व्यास का ( 700 ग्राम )

विधि -

केक डेकोरेट करने के लिए बाजार से बनी हुई व्हिप क्रीम का उपयोग कर सकते हैं या घर पर ही व्हिप क्रीम तैयार कर सकते हैं। घर में फ्रॉस्टिंग बनाने के लिए क्रीम को किसी बडे़ बर्तन में डाल कर इसमें पिघला मक्खन डाल दीजिए, क्रीम के प्याले के नीचे एक उससे थोड़ा बड़ा प्याला बर्फ भर कर रख लीजिए। इलैक्ट्रिक ब्लैंडर से क्रीम को ३-४ मिनिट फैंटिए, अब आइसिंग सुगर डालकर इसे फिर से ३-४ मिनट के लिए फैंट लीजिए। अब वनिला एसेंस डालकर इसे फिर से व्हिप कर लीजिए। याद रखिए कि क्रीम को व्हिप करते समय क्रीम बहुत ठंडी होनी चाहिए।

केक को केक स्टैंड पर थोड़ी सी क्रीम लगाकर, क्रीम के ऊपर रख लीजिए, ताकि केक स्टेन्ड से आसानी से निकल आएगा। लेयर्ड केक बनाने के लिए केक को बडे़ चाकू की मदद से तीन भागों में काट कर तैयार कर लीजिए। (दो अलग केक लेकर इसमें फ्रॉस्टिंग लगा कर लेयर्ड केक तैयार कर सकते हैं)।

शहद मे ६ चम्मच पानी डालकर इसका घोल बना लीजिए (शहद नहीं लेना चाहते तो चीनी ले सकते हैं चीनी में पानी मिलाकर चीनी का घोल तैयार कर सकते हैं)। केक का एक भाग स्टेन्ड पर है, उसके ऊपर ब्रश की सहायता थोडा़-थोडा़ शहद का पानी लगाइए, इससे केक मुलायम बनता है।

अब इसके उपर क्रीम रखिए और चाकू की मदद से क्रीम को सारे केक पर एक जैसा फैला दीजिए, अब केक का दूसरा टुकड़ा इसके ऊपर रख दीजिए और उस पर भी शहद का पानी लगा कर क्रीम रखिए और एक जैसा फैला दीजिए। अब इसके ऊपर तीसरा केक रखिए और उस पर शहद का पानी लगाकर क्रीम रखकर एक जैसा फैला दीजिए। केक के नीचे बटर पेपर के चार टुकड़े पतले कटे हुए चारों ओर लगा लीजिए, जिससे केक बडी़ आसानी से एकदम साफ निकल आएगा। अब केक को चारों ओर से क्रीम लगाकर चिकना कीजिए। केक को चारों ओर से क्रीम फैलाते हुए सभी तरफ से अच्छी तरह से कवर कर दीजिए और चिकना कर लीजिए।

चॉकलेट कम्पाउंड लेकर आधी चॉकलेट को पीलर से क्रश कर लीजिए और बाकी की आधी चॉकलेट को पिघला लीजिए। पिघली हुई चॉकलेट में क्रीम डालकर अच्छी तरह मिला लीजिए। मिश्रण को फ्लावर नोजल लगे पॉलीथिन के कोन में भरकर इससे केक पर चारों ओर फूल बना लीजिए और इनके बीच में क्रश की हुई चॉकलेट भर दीजिए साथ ही केक के चारों ओर क्रश की हुई चॉकलेट छिड़क कर लगा दीजिए। चारों ओर लगे हुये बटर पेपर को हटा लीजिए। चॉकलेट लेयर्ड ब्लैक फॉरेस्ट चॉकलेट केक बनकर तैयार है।