
दिग्गज टेनिस खिलाड़ी नोवाक जोकोविच (Photo - IANS)
Australian Open: दिग्गज टेनिस खिलाड़ी नोवाक जोकोविच के लिए साल 2024 बेहद निराशाजनक रहा और वह एक भी ग्रैंड स्लेम नहीं जीत सके। दुनिया के सातवें नंबर के सर्बियाई खिलाड़ी की नजरें अब रविवार से मेलबर्न में शुरू होने जा रहे साल के पहले ग्रैंड स्लेम ऑस्ट्रेलियन ओपन पर है। जोकोविच सर्वाधिक 24 ग्रैंड स्लेम जीतने वाले पुरुष एकल खिलाड़ी हैं और उनके बराबर ऑस्ट्रेलिया की महिला खिलाड़ी मार्गरेट कोर्ट (24 खिताब) हैं। यदि नोवाक यहां चैंपियन बनते हैं तो 25 ग्रैंड स्लेम जीतने वाले दुनिया के पहले टेनिस खिलाड़ी बन जाएंगे।
ऑस्ट्रेलियन ओपन में सर्वाधिक 10 खिताब जीतने का रिकॉर्ड 37 वर्षीय नोवाक जोकोविच के नाम हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलियन ओपन में पहला खिताब 2008 में जीता था, जबकि मेलबर्न में आखिरी बार चैंपियन 2023 में बने थे। नोवाक का पहला मुकाबला अमरीका के 133वें नंबर के खिलाड़ी निशेश बासबारड्डी से होगा। दोनों खिलाडि़यों के बीच यह करियर की पहली भिड़ंत होगी।
दुनिया के नंबर एक पुुरुष खिलाड़ी जेनिक सिनर ने 2023 में पुरुष एकल खिताब जीतकर इतिहास रचा था। वह 2015 के बाद जोकोविच, रोजर फेडरर और राफेल नडाल के बाद यहां चैंपियन बनने वाले पहले खिलाड़ी बने थे।
2006 से लेकर 2024 तक खेले गए कुल 19 संस्करण में जोकोविच (10), फेडरर (05) और नडाल (02) की तिकड़ी का दबदबा रहा। उनके अलावा, सिर्फ दो खिलाड़ी स्टेन वावरिंका (2014) और सिनर ही एक बार चैंपियन बनने में सफल रहे।
नंबर एक खिलाड़ी और पिछले दो बार की चैंपियन बेलारूस की आर्यना सबालेंका लगातार तीसरी बार खिताब जीतकर इतिहास रचना चाहेंगी। वह इस सदी की मेलबर्न में खिताबी हैट्रिक बनाने वाली पहली महिला एकल खिलाड़ी बनना चाहेंगी।
दुनिया की नंबर दो खिलाड़ी इगा स्विटेक यहां पहली बार खिताब जीतने के इरादे से उतरेंगी। पांच बार की ग्रैंड स्लेम चैंपियन पोलैंड की खिलाड़ी 2022 में यहां सेमीफाइनल तक पहुंची थी।
सुमित नागल एकल मुकाबलों में चुनौती पेश करने वाले एकमात्र भारतीय खिलाड़ी हैं। हालांकि उनकी चुनौती काफी कठिन हैं और वह पहले राउंड में चेक गणराज्य के 26वें नंबर के खिलाड़ी थॉमस मचाक से भिड़ेंगे।
Published on:
12 Jan 2025 08:22 am
बड़ी खबरें
View AllTennis News
खेल
ट्रेंडिंग
