
टीकमगढ़। आग पर काबू करती फायर ब्रिगेड।
टीकमगढ़. खाली बारदाना लेकर बड़ौराघाट स्थित वेयर हाउस जा रहे एक ट्रक में ग्राम तखा के पास अचानक से आग लग गई। सड़क के बीच से निकले बिजली के तार की चपेट में आने से बारदाने में आग लगी थी। आग लगने के बाद ड्राइवर ने सझदारी दिखाते हुए ट्रक को तेजी से बस्ती से दूर ले जाकर खुले मैदान में खड़ा दिया तो वहीं सूचना पर तत्काल पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया।
सोमवार की शाम 4 बजे के लगभग खाली बारदाना लेकर एक ट्रक बड़ौराघाट वेयर हाउस जा रहा था। समर्थन मूल्य पर होने वाली खरीदी के लिए यह बारदाना मंगाया जा रहा है। यह ट्रक झांसी हाइवे से जब बड़ौराघाट के लिए तखा गांव की सड़क पर प्रवेश किया तो यहां पर बस्ती के बीच से निकली बिजली की लाइन का एक तार इस बारदारे में उलझ गया। बारदाने में उलझ कर यह तार टूट गया वहीं इससे हुई स्पार्किंग से बारदाने में आग लग गई। तेज धूप और हवा से यह बारदाना धू-धू कर जलने लगा।
जैसे ही लोगों ने बारदाने में लगी आग देखी तो उन्होंने चीख कर ट्रक चालक को इसकी जानकारी दी। वहीं तेजी से फैल रही आग को देखकर चालक ने इसे तेजी से चलाते हुए लगभग 300 मीटर की बस्ती को पार कर खुले मैदान में जाकर खड़ा कर दिया। वहीं लोगों ने इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने इस ट्रक को मैदान में खड़ा कराकर पानी डालना शुरू कर दिया। इसके बाद ट्रक से जला हुआ बारदाना उतार कर पानी डालना शुरू किया।
लगभग दो घंटे की मशक्कत के बाद इस आग पर काबू पाया गया। वह तो गनीमत रही कि ट्रक कुशलता से घनी बस्ती के बीच से बाहर निकल आया। इस ट्रक में लाइट का तार भी फंसा हुआ था। विदित हो कि शहर की कई बस्तियों में इस प्रकार से लाइट के तार नीचे झूल रहे है तो ट्रकों पर क्षमता से अधिक माल भर कर परिवहन किया जा रहा है।
Updated on:
11 Mar 2025, 12:59 PM IST
Published on:
11 Mar 2025, 12:59 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.