
टीकमगढ़। गांव में शिकायतों की हकीकत देखते हुए कलेक्टर।
मरम्मत कराने एवं योजना को समय से पूर्ण करने के विभाग एवं ठेकेदार को दिए निर्देश
टीकमगढ़. जिले में सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। वहीं कुछ शिकायतें इतनी सामान्य है कि उनका निराकरण तत्काल हो जाना चाहिए। इसके बाद भी यह शिकायतें कई दिनों से लंबित पड़ी है। ऐसे में रविवार को कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय इन शिकायतों को लेकर खुद गांव में पहुंचे। यहां पर उन्होंने मौके पर शिकायत की हकीकत जानी साथ ही जिम्मेदार अधिकारियों को समस्या दूर कराने के निर्देश दिए।
रविवार को कलेक्टर श्रोत्रिय ने सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों की हकीकत जानने के लिए पलेरा ब्लॉक के ग्राम कछौराखेरा, इटायली एवं मुराहबाबा का भ्रमण किया। कछौराखेरा में नल जल योजना को लेकर सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई थी। यहां पर पाइप लाइन डालने के बाद ठेकेदार द्वारा सड़क की मरम्मत नहीं की गई थी। गांव में पहुंचे कलेक्टर श्रोत्रिय ने शिकायतकर्ता को मौके पर बुलाया और ग्रामीणों से समस्या को समझा। यहां पर सड़क खुदी होने से गंदा पानी जमा हो रहा था और लोगों को परेशानी आ रही थी। इस पर कलेक्टर ने तत्काल ही पीएचई विभाग के अधिकारियों को निर्देश कि वह ठेकेदार को बुलाकर सबसे पहले सड़कों की मरम्मत कराए। वहीं यहां पर लोगों ने नाली न होने की शिकायत भी बताई। इस पर कलेक्टर ने पंचायत को इसके लिए प्रस्ताव तैयार कर काम स्वीकृत कराने के निर्देश दिए। वहीं इटायली और मुराहाबाबा में भी पेयजल को लेकर की गई शिकायतों की स्थिति देखी और अधिकारियों को समय से योजनापूर्ण कराकर गर्मियों के पहले पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
न हो पेयजल संकट
कलेक्टर श्रोत्रिय ने बताया कि जिले में सीएम हेल्पलाइन पर 9 हजार से अधिक शिकायतें लंबित है। ऐसे में इन शिकातयों की हकीकत जानने के लिए गांव का भ्रमण किया जा रहा है। उनका कहना था कि हमारा लक्ष्य है कि इस वर्ष गर्मियों के दिनों में पानी की परेशानी न हो, ऐसे में सबसे पहले पेयजल एवं जल जीवन मिशन से जुड़ी शिकायतों पर काम किया जा रहा है। उनका कहना था कि बहुत से गांव में यह कॉमन समस्या है कि ठेकेदारों ने सड़कों का भराव नहीं किया है। ऐसे में विभाग को स्पष्ट निर्देश दिए गए है कि जहां पर लाइप लाइन की टेस्टिंग का काम पूरा कर लिया है, वहां पर प्राथमिकता से सड़कों को दुरूस्त कराया जाए।
Updated on:
3 Mar 2025, 12:14 PM IST
Published on:
3 Mar 2025, 12:14 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.