
Elderly man dies after being kicked in private part
mp news: मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ में कुडीला थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत दोह चक्र दो के मुंडूबरियन खिरक गांव में जमीन को लेकर हुए विवाद में 65 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा परिजनों को ढांढस बंधाया और स्थिति को नियंत्रित किया। बुजुर्ग से गांव के ही रहने वाले युवक ने जमीन विवाद में मारपीट की थी और बुजुर्ग के प्राइवेट पार्ट पर जोर से लात मार दी थी। इसके बाद बुजुर्ग अचेत होकर गिरे और अस्पताल में उनकी मौत हो गई।
थाना प्रभारी अरविंद्र यादव ने बताया कि शुक्रवार की सुबह 11 बजे मुंडूबरियन खिरक गांव में जमीन को लेकर मनका अहिरवार उम्र 65 वर्ष और गज्जू अहिरवार के बीच कहासुनी हुई। धीरे-धीरे विवाद बढ़ा और गाली-गलौच होने लगी तो स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की लेकिन इसी दौरान गज्जू अहिरवार ने बुजुर्ग मनका अहिरवार के साथ मारपीट कर दी और उनके प्राइवेट पार्ट पर जोर से लात मार दी। लात लगते ही बुजुर्ग मनका अचेत होकर गिर पड़े जिन्हें तुरंत लोग स्वास्थ्य केन्द्र लेकर पहुंचे लेकिन तब तक देर हो चुकी थी और डॉक्टरों ने बुजुर्ग को मृत घोषित कर दिया।
बुजुर्ग मनका की मौत की खबर लगते ही गांव में तनाव का माहौल बन गया। घटना की सूचना पुलिस को मिली तो तुरंत एसडीओपी राहुल कटरे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने स्थिति को संभाला और बुजुर्ग मनका के परिजन को ढांढस बंधाते हुए निष्पक्ष जांच और कार्रवाई का आश्वासन दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। थाना प्रभारी कुडीला अरविंद यादव ने बताया कि घटना की सूचना पर पुलिस टीम गांव पहुंची थी जहां स्थानीय लोगों से जानकारी ली गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Published on:
27 Feb 2026 08:32 pm
बड़ी खबरें
View Allटीकमगढ़
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
