
Former Minister Akhand Pratap Singh Strategy
टीकमगढ़. दल-बदल करने के कारण हमेशा सुर्खियों में बने रहने वाले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अखण्ड प्रताप सिंह यादव ने सामंती बम फोड़कर जिले में राजनीति में एक बार फिर से हलचल पैदा कर दी है। आज जिले में आने वाली कांग्रेस की सत्ता बदलो, संविधाओं यात्रा के ठीक पहले अखण्ड प्रताप सिंह यादव द्वारा जातिगत आंकड़ों एवं सामंतों पर निशाना साधते हुए पोस्टर लगाए गए है। अखण्ड प्रताप सिंह यादव द्वारा लगाए गए इन पोस्टरों के राजनैतिक गलियारों में कई अर्थ निकाले जा रहे है।
आज जिले में कांग्रेस की सत्ता बदलो, संविधान बचाओं यात्रा का आगमन होना है। इस यात्रा को लेकर पिछड़ा वर्ग कांग्रेस द्वारा नगर में व्यापक तैयारियां की गई है। इस यात्रा में कांग्रेस के पिछड़ा वर्ग के प्रदेशाध्यक्ष राजमणी पटेल मुख्य रूप से उपस्थित होंगे। इस यात्रा के ठीक पहले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अखण्ड प्रताप सिंह यादव द्वारा जातिगत आंकड़ों को इंगित करने के साथ ही सामंती ताकतों को सत्ता बदलने एवं संविधान बचाने की आवश्यकता नही है, जिक्र करते हुए फ्लैक्स लगाए गए है। इन फ्लैक्स में जिले के किसी भी वरिष्ठ नेता को कोई जगह नही दी गई है। इन फ्लैक्स से कांगे्रस की अंदरूनी खींचतान एक बार फिर से खुलकर सामने आ गई है।
जातिगत आंकड़ों पर दावेदारी: अखण्ड प्रताप सिंह यादव द्वारा जातिगत आंकड़ों को दिखाते हुए लगाए गए इन पोस्टरों से एक अर्थ यह निकाला जा रहा है कि इस बार वह कांग्रेस से विधानसभा टिकिट की जातिगत आंकड़ों के आधार पर मांग कर सकते है। इसलिए उन्होंने प्रदेश के जातिगत आंकड़ों के साथ ही जिले के आंकड़ों को भी प्रमुखता से फ्लैक्स में जगह दी है। इन आंकड़ों में अखण्ड प्रताप सिंह यादव ने अन्य पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जाति, अल्पसंख्यक वर्ग एवं अनुसूचित जनजाति के आंकड़ों को एक विशेष कालम में जगह देकर उनका योग किया है और सबसे नीचे सामान्य वर्ग के जातिगत आंकड़ों को प्रदर्शित किया है।
सामंतों पर भी निशाना: इस फ्लैक्स के माध्यम से अखण्ड ने जिले के सामंतों पर भी निशाना साध कर अपनी राह आसान करने का प्रयास किया है। विदित हो कि वर्तमान में जिले में कांग्रेस के मजबूत नेताओं के रूप में पृथ्वीपुर विधानसभा से कांग्रेस के प्रदेश महासचिव बृजेन्द्र सिंह राठौर, टीकमगढ़ से पूर्व मंत्री यादवेन्द्र सिंह बुंदेला एवं खरगापुर एवं जतारा में कांग्रेस के मजबूत स्तंभ माने जाने वाले सुरेन्द्र सिंह गौर(खरगापुर विधायक चंदारानी गौर के पति) पर भी निशाना साधा है। अखण्ड प्रताप सिंह यादव जिले में टीकमगढ़, पृथ्वीपुर और निवाड़ी विधासभा से टिकिट की चाह रखते है। लेकिन इसके लिए उनके सामने सबसे बड़ी चुनौती ब्रजेन्द्र सिंह राठौर एवं यादवेन्द्र सिंह बुंदेला है। अखण्ड के इन पोस्टरों की पूरे जिले में चर्चा की जा रही है।
अखण्ड प्रताप सिंह यादव से सीधी बात।
पत्रिका: आपने फ्लैक्स में सामंती ताकतों को सत्ता बदलने एवं संविधान बचाने की जरूरत नही है। लिखा है। यह कौन है।
अखण्ड: सामंती ताकतों का स्वयं का गिरोह है। यह आज भी स्थापित है।
पत्रिका: यह आपकी पार्टी कांग्रेस का कार्यक्रम है। कांग्रेस में कौन सामंती है, जिनके लिए आप लिख रहे है।
अखण्ड: मेरे कहने का आशय कांग्रेस से नही है। आज भाजपा में सबसे ज्यादा सामंती है। कांग्रेस में किसी के लिए नही लिखा है।
पत्रिका: आपने प्रदेश के साथ टीकमगढ़ के आंकड़े भी दिए है। क्या आप जिले में किसी सामंती को लेकर यह कहना चाह रहे है।
अखण्ड: ऐसा नही है, यह कार्यक्रम टीकमगढ़ का है। इसलिए यहां के आंकड़े भी दिए है। मैं अल्प संख्यक एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री रहा हूं। मेरे पास हर गांव के आंकड़े है।
Published on:
19 May 2018 01:41 pm
बड़ी खबरें
View Allटीकमगढ़
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
