
टीकमगढ़. निवेशकों से चर्चा करते कलेक्टर।
प्रशासन ने पर्यटन को बढ़ावा देने बल्देवगढ़ और मोहनगढ़ किले का दिया ऑफर
टीकमगढ़. भोपाल में आयोजित होने वाली ग्लोबल इनवेस्टर समिट के पूर्व जिले में निवेशकों के साथ प्रशासन ने बैठक कर उन्हें सभी सुविधाएं उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया तो निवेशकों ने भी 200 करोड़ के अपने प्रस्ताव सामने रखे। यहां पर फूल आधारित उद्योग के साथ ही सोलर सहित अन्य क्षेत्रों के लिए प्रस्ताव दिए गए। साथ ही कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय ने निवेशकों से पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए बल्देवगढ़ एवं मोहनगढ़ किले का प्रस्ताव भी रखा।
सागर में हुई इनवेस्टर समिट के बाद अब भोपाल में आयोजित समिट से भी जिले में उद्योग स्थापित करने की संभावनाएं बनी हुई हैं। इसके लिए बुधवार को जिला प्रशासन ने जिले के उद्योगपतियों के साथ बैठक की और जिले में निवेश करने के लिए आमंत्रित किया। कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय के साथ ही जतारा विधायक हरिशंकर खटीक ने सरकार की ओर से निवेशकों को आश्वासन दिया कि उन्हें जिले में जमीन, लाइट, पानी सहित बैंक लोन तक की सभी सुविधाएं दी जाएंगी।
काम के लिए मिलेंगे किले
वहीं कलेक्टर श्रोत्रिय ने कहा कि यदि आप इच्छुक हो तो प्रशासन आपको होटल आदि के लिए बल्देवगढ़ एवं मोहनगढ़ का किला भी दिला सकता है। जिले में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। यह जिले के लिए अच्छा काम हो सकता है। इसके लिए उन्होंने लोगों से 25 करोड़ रुपए तक इन्वेस्ट करना होगा। इसके साथ ही उन्होंने लोगों को आवश्यक जमीन एवं अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की बात कही।
बड़े उद्योग खोलें, सरकार साथ में है
वहीं जतारा विधायक हरिशंकर खटीक ने निवेशकों को सरकार की ओर से आश्वासन दिया कि वह बड़े निवेश करें सरकार हर प्रकार का सहयोग करेगी। उनका कहना था कि बड़े उद्योग के लिए जतारा, पलेरा, टीकमगढ़ में जमीनें आरक्षित की गई है।
यहां पर आप सीमेंट प्लांट, रासायनिक खाद एवं खनिज आधारित बड़े उद्योग स्थापित करें, ताकि हमारे क्षेत्र के युवाओं को रोजगार मिले। बैठक में पूर्व विधायक केके श्रीवास्तव, विवेक चतुर्वेदी, जिला उद्योग केंद्र के राजशेखर पाण्डेय, संजय नायक, राजेश साहू सहित अन्य अधिकारी एवं निवेशक उपस्थित रहे।
यह मिले प्रस्ताव
यहां पर निवेशकों ने कुल 41 प्रस्ताव दिए। इसमें 200 करोड़ का निवेश करने के प्रस्ताव दिए गए हैं। इसमें खाद्यान्न आधारिक उद्योग स्थापित करने मनीष जैन ने 20 करोड़, सोलर सिस्टम लगाने के लिए मनीष खरे ने 20 करोड़, रामेति फूड के आशीष मिश्रा ने 15 करोड़, खनिज आधारित उद्योग के लिए 25 करोड़ रुपए के प्रस्ताव सहित अन्य प्रस्ताव शामिल हैं।
Published on:
10 Feb 2025 05:39 pm
बड़ी खबरें
View Allटीकमगढ़
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
