
Shri Hanuman janmotsav
टीकमगढ़/ बड़ागांव. भगवान राम के परम स्नेही हनुमान जी का जन्मोत्सव का पर्व पूरे जिले में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जिले के सभी हनुमान मंदिरों में ब्रह्म मुहुर्त में सुबह 5 बजे हनुमानलाल का जन्मोत्सव किया गया। इस अवसर पर हनुमान जी का विशेष अभिषेक, पूजन कर तमाम धार्मिक आयोजन किए गए। वहीं त्रिदेव धजरई मंदिर के साथ ही बल्देवगढ़ एवं बजरंग अखाड़ा मंदिर में तमाम धार्मिक आयोजन कर क्षेत्र की सुख शांति की कामना की गई।
गुरुवार को हनुमान जयंती के अवसर पर सुबह से ही श्रद्धालुओं का मंदिरों पहुंचना शुरू हो गया था। हनुमान जन्मोत्सव को लेकर पुजारियों ने भी सुबह 4 बजे से तैयारियां शुरू कर दी थी। सुबह 5 बजे सभी हनुमान मंदिरों में विधि-विधान से हनुमान जी महाराज का जन्मोत्सव मनाया गया। इसके बाद कई जगह उनका अंगराज हुआ तो अधिकांश मंदिरों में विशेष अभिषेक कर श्रंगार कियाा गया। सुबह से भगवान के जन्मोत्सव के बाद आरती कर प्रसाद वितरण किया गया।
सामुहिक सुंदरकाण्ड में उमड़े श्रद्धालु
स्थानीय धजरई मंदिर पर होने वाले 1008 सुंदरकांड पाठ को लेकर इस बार वृंदावनधाम के धीर समीर आश्रम के महंत मदनमोहनदास पधारे थे। उन्होंने विधि-विधान से सुंदरकाण्ड का पूजन कर पाठ शुरू कराया। विदित हो कि यहां पर हर साल यह आयोजन किया जाता है। मंदिर के महंत सीतारामदास महाराज ने एक सप्ताह पूर्व से इसकी तैयारियां शुरू कर दी थी। यहां पर भगवान को छप्पन भोग का प्रसाद अर्पित गया था। वहीं सुंदरकाण्ड पाठ के समापन पर भंडारे का आयोजन किया गया था। यह भंडारा देर शाम तक चलता रहा।
अखाड़ा में हुई भजन संख्या
वहीं राजमहल स्थित बजरंग अखाड़ा मंदिर में सुबह से जन्म के बाद सुंदरकाण्ड का पाठ किया गया। इस अवसर पर हनुमान जी महाराज का विशेष अभिषेक और हवन किया गया। मंदिर के व्यवस्थापक राजकुमार सोनी ने बताया कि शाम को हनुमान जी की महा आरती के साथ ही छप्पन भोग का प्रसाद और भजन संख्या का आयोजन किया जाएगा।
10 हजार लड्डुओं का प्रसाद
हनुमान जयंती के अवसर पर नगर के तमाम मंदिरों में आयोजन किया गया। स्थानीय पीपल वाले हनुमान मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा सुबह से पूजन अभिषेक के बाद श्रद्धालुओं को 10 हजार लड्डुओं का प्रसाद वितरित किया गया। प्रसाद का वितरण कराने वाले अंशुल खरे का कहना था कि गुरुदेव रावतपुरा सरकार के आदेश पर हनुमान जयंती के पर्व पर यह आयोजन किया गया है। इसके साथ ही नजरबाग, बजाज की बगिया, झिरकी बगिया, रौरईया हनुमान मंदिर के साथ ही अन्य मंदिरों पर भी कार्यक्रम आयोजित किए गए। वहीं शहर में शाम को शोभायात्रा भी निकाली गई।
बड़ागांव में निकली शोभायात्रा
वहीं बड़ागांव स्थित स्वयं भू मंशापूर्ण हनुमान जी मंदिर में भी जन्मोत्सव का आयोजन किया गया। कहा जाता है यहां पर हनुमान जी की प्रतिमा स्वयं प्रकट हुई थी। यह प्रतिमा एक पीपल के वृक्ष के नीचे स्थापित है और क्षेत्र भर के लोगों की आस्था का केंद्र है। बताया जाता है कि यहां पर हनुमान जी को बंधन पसंद नहीं है, ऐसे में मंदिर का निर्माण नहीं हो सका है। यहां पर सुबह से जन्मोत्सव के बाद आरती, पूजन किया गया और शाम को पूरे नगर में शोभायात्रा निकाली गई।
Published on:
06 Apr 2023 07:58 pm
बड़ी खबरें
View Allटीकमगढ़
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
