जी हां, राणा ने अपनी अभिनय क्षमता के हर आयाम को पर्दे पर उभारा है। साउथ इंडियन फिल्मों में सफलता की बुलंदियों को छूने के बाद उन्होंने बॉलीवुड में कदम रखा। उन्होंने बिपाशा बसु के साथ फिल्म ‘दम मारो दम’ से हिंदी दर्शकों के बीच अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। बेशक, यह फिल्म बॉक्स ऑफिस नहीं चली, लेकिन उनके अभिनय की जमकर तारीफ हुई। अब तक राना दग्गुबाती बॉलीवुड में कई फिल्में कर चुके हैं, जिनमें ‘डिपार्टमेंट’, कृष्णा वन्दे जगदगुरुम, ये जवानी है दीवानी, समथिंग-समथिंग, बेबी, आरम्भम, डोंगाता, बाहुबली, गाजी अटैक और अर्जुन जैसी प्रमुख हैं।
यह भी सही है कि जितनी लोकप्रियता उन्होंने साउथ में बटोरी, उतनी उन्हें बॉलीवुड में नहीं मिली, लेकिन बाहुबली उनके कॅरियर के लिए टर्निंग पॉइंट साबित हुई। भल्लालदेव के किरदार से उन्होंने साबित कर दिखाया कि वो सिर्फ नायक ही नहीं, खलनायक के किरदार में भी बेहतरीन हैं। ‘बाहुबली’ के बाद राना दग्गुबाती की तेलुगु फिल्म ‘नेने राजू, नेने मंत्री’ रिलीज हुई है। तेजा निर्देशित इस फिल्म में राना एक राजनेता की भूमिका में हैं।