
27 बीघा चरागाह भूमि पर लगेंगे 2 हजार पौधे
दूनी. राज्य स्तरीय वृक्षारोपण ‘बा-बापू-वन’ अभियान के तहत दूनी ग्राम पंचायत की ओर से आवां मार्ग स्थित चावण्ड माता मंदिर के समीप चरागाह भूमि पर जिले के प्रथम पौधारोपण की शुरुआत मंगलवार को जिला प्रमुख सरोज बसंल सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारियों ने छायादार, फलदार एवं सजावटी पौधें लगाकर की। जिला प्रमुख बसंल ने समारोह को सम्बोधित कर कहा उनका लक्ष्य जिले को हरा-भरा बनाना है।
जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. सौम्या झां ने कहा कि कार्य योजना में चयनित पंचायतों मेें चरागाह विकास पर सभी को अधिक ध्यान देकर पौधारोपण करना है। भाजपा बूंदी जिला प्रभारी नरेश बसंल ने कहा कि कोरोना महामारी ने हमें मजबूती के साथ लडऩा सिखाया है। पहले की तरह अब ऑक्सीजन की कमी नहीं आए, इसके लिए हमें जिले में सघन वृक्षारोपण का बीड़ा उठा हरियाली लानी होगी।
समारोह में उपजिला प्रमुख आदेश कंवर, देवली पंचायत समिति प्रधान गणेशराम जाट, उपप्रधान महादेव मीणा, सरपंच रामअवतार बलाई, जिला परिषद सदस्य मनराज सैनी, अनिता बैरवा, भाजपा नेता भंवरलाल जाट, देवली एसडीओ भारतभूषण गोयल, पुलिस उपाधीक्षक दीपक मीणा एवं विकास अधिकारी शिवसिंह मीणा ने प्रकृति एवं पर्यावरण की सुरक्षा-संवर्धन कर अधिक से अधिक पौधें लगाने की अपील की।
इस दौरान महात्मा गांधी जीवन दर्शन समिति के अंशुल शर्मा, छीतर गुर्जर सहित जिला पदाधिकारियों ने मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. झां को गांधी मार्ग पत्रिका का अंक भेट कर गांधी विचारधारा के प्रचार-प्रसार को किए जा रहे कार्यों से अवगत कराया। इससे पहले जिला प्रमुख बसंल ने राउमावि दूनी के खेल मैदान का निरीक्षण कर पौधारोपण किया।
ड्रीप सिस्टम से
होगी सिंचाई
सरपंच रामअवतार बलाई ने बताया कि 27 बीघा भूमि पर खोदे गए गड्ढों में अमरूद, नीबू, सहजन, आम, सीताफल, मोसमी, लेसूआं सहित विभिन्न किस्मों के फलदार पौधे लगाए जाएंगे। इसके बाद प्रत्येक पौधों को ड्रीप सिस्टम से जोडकऱ मनरेगा श्रमिकों की ओर से इनकी देखरेख की जाएगी।
Published on:
21 Jul 2021 12:56 pm
