
मालपुरा मार्ग पर टोरड़ी सागर बांध की चादर के निकट बहता पानी। पत्रिका फाइल फोटो
टोंक। दूदू-छान स्टेट हाईवे पर टोरडी सागर की चादर के निकट बरसात के दौरान वर्षों से बनी आवागमन की समस्या का स्थायी समाधान अब होने जा रहा है। राजस्थान स्टेट रोड डेवलपमेंट एंड कंस्ट्रक्शन कॉर्पोरेशन (आरएसआरडीसी) ने यहां 12.65 करोड़ रुपए की लागत से आधुनिक पुलिया निर्माण के लिए प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति जारी कर दी है तथा टेंडर भी आमंत्रित कर दिए हैं।
30 जून को निविदा खुलने के बाद कार्यादेश जारी होगा और अगले 10 माह में निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। यह मार्ग टोडारायसिंह को मालपुरा, जयपुर और अजमेर क्षेत्र से जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है। पुलिया बनने के बाद दर्जनों गांवों की लाखों आबादी को वर्षभर निर्बाध यातायात सुविधा मिलेगी। विशेष रूप से बरसात के दिनों में टोरडी सागर की चादर पर पानी भरने से होने वाली परेशानी से लोगों को राहत मिलेगी।
वर्तमान में दूदू-छान वाया टोडारायसिंह-मालपुरा स्टेट हाईवे-37ए पर टोरडी सागर की रपट पर बांध का ओवरफ्लो पानी आने के बाद यातायात पूरी तरह बंद हो जाता है। पिछले तीन वर्षों से लगातार बारिश के दौरान डेढ़ से दो माह तक आवागमन बाधित रहा है। ऐसे समय लोगों को करीब आठ दशक पुरानी संकरी रेलवे पुलिया से जोखिम भरा सफर करना पड़ता है।
स्वीकृत परियोजना के तहत यहां 121.93 मीटर लंबी, 5.45 मीटर ऊंची और 7 मीटर चौड़ी पुलिया का निर्माण किया जाएगा। पुलिया में कुल 30 आरसीसी बॉक्स लगाए जाएंगे। इसके अलावा दोनों ओर 150-150 मीटर लंबी एप्रोच रोड तथा सड़क चौड़ीकरण का कार्य भी कराया जाएगा। निर्माण पूरा होने के बाद बरसात में भी यातायात सुचारू रहेगा।
क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को देखते हुए जलदाय मंत्री कन्हैयालाल चौधरी के निर्देश पर आरएसआरडीसी के अभियंताओं ने फरवरी में स्थल का सर्वे किया था। इसके बाद विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर मार्च में जयपुर मुख्यालय भेजी गई। संशोधित प्रस्ताव को स्वीकृति मिलने के साथ ही परियोजना को मंजूरी मिल गई।
आरएसआरडीसी के अधिशासी अभियंता गोविंदराम बिश्नोई ने बताया कि पुलिया निर्माण के लिए 12.65 करोड़ रुपए की स्वीकृति मिल चुकी है। 30 जून को निविदा खुलने के बाद वर्क ऑर्डर जारी होंगे तथा निर्माण कार्य पूरा करने के लिए 10 माह की समयसीमा निर्धारित की जाएगी।
Updated on:
17 Jun 2026 09:50 am
Published on:
17 Jun 2026 09:50 am
