
फोटो पत्रिका नेटवर्क
टोंक। नगरफोर्ट क्षेत्र के उनियारा-गुलाबपुरा नेशनल हाइवे 148डी पर एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना चतरपुरा नाड़ी के पास हुई, जब एक तेज रफ्तार कार ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। घटना के बाद से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान सचिन मीणा और नरेश मीणा के रूप में हुई है। दोनों उनियारा थाना क्षेत्र के पलाई चौकी के चतरपुरा गांव के निवासी थे। रविवार देर शाम वे मोटरसाइकिल से कहीं जा रहे थे, तभी अचानक तेज रफ्तार कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही उनियारा थानाधिकारी कप्तान सिंह पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और शवों को अपने कब्जे में लेकर उनियारा राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। दुर्घटना के बाद पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार और बाइक को हटवाकर थाना परिसर में खड़ा करवा दिया। वहीं कार चालक और उसमें सवार व्यक्ति को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ जारी है।
पुलिस ने बताया कि मृतक सचिन पुत्र बुद्धि प्रकाश मीणा और नरेश पुत्र कजोड़ मीणा एक ही गांव के निवासी थे। जैसे ही हादसे की खबर गांव पहुंची, वहां मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक सचिन तीन बहनों का इकलौता भाई था और पलाई राजकीय विद्यालय की कक्षा 9 का छात्र था। वहीं, नरेश के दो भाई और तीन बहनें हैं, जिनमें उसका बड़ा भाई पहले ही बीमार चल रहा है।
Updated on:
15 Dec 2025 05:15 pm
Published on:
15 Dec 2025 05:15 pm
