
फोटो: पत्रिका
Farmers Crop Insurance Benefits: जलदाय मंत्री कन्हैयालाल चौधरी सोमवार को मालपुरा विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने लावा ग्राम पंचायत मुख्यालय पर जन सुनवाई करते हुए ग्रामीणों की समस्याएं सुनी।
कैबिनेट मंत्री ने उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि लावा ग्राम पंचायत में विधायक कोष से एक करोड़ रुपए की लागत से सीसी रोड का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिले में 100 करोड़ रुपए के फसल बीमा मुआवजे में से 60 करोड़ रुपए मालपुरा विधानसभा क्षेत्र को मिले हैं। 11 हजार किसानों के खातों में तकनीकी गड़बड़ी के कारण मुआवजा रुका हुआ है। मंत्री ने कहा कि क्षेत्र के किसानों को कुल 205 करोड़ रुपए का फसल बीमा लाभ मिलने वाला है।
उन्होंने लावा में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए मिनी स्टेडियम बनाने की घोषणा भी की। जनसुनवाई के दौरान ग्रामीणों ने नयागांव से बालापुरा सड़क निर्माण, राजपूत मोहल्ले में सीसी रोड व नाली निर्माण, राउमावि लावा में इतिहास व अर्थशास्त्र विषय तथा कृषि संकाय खोलने, पीएम आवास योजना के लंबित लाभ दिलाने, पुलिया निर्माण, मिसिंग लिंक रोड, आंगनबाड़ी भवन उपलब्ध कराने, पेयजल सुविधा, श्मशान भूमि से अतिक्रमण हटाने, ईदगाह तक पुलिया निर्माण सहित विभिन्न मांगें रखीं।
भाजपा लावा मंडल अध्यक्ष इंद्रपाल चौधरी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने कैबिनेट मंत्री को ज्ञापन सौंपकर लावा के सरकारी अस्पताल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में क्रमोन्नत करने, पुलिस चौकी खोलने, गौण कृषि मंडी को पूर्ण कृषि मंडी का दर्जा देने, सार्वजनिक पुस्तकालय की स्थापना करने तथा कृषि संकाय खोलने की मांग की।इस अवसर पर लावा प्रशासक कमल कुमार जैन, भाजपा शहर मंडल अध्यक्ष जिनेंद्र मेहन्दवास्या, लावा भाजपा मंडल अध्यक्ष इंद्रपाल चौधरी सहित सभी विभागों के ब्लॉक स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
Updated on:
03 Feb 2026 12:00 pm
Published on:
03 Feb 2026 12:00 pm
