
महापर्व का उत्सव: टोंक जिले में मतदान हुआ 73.22 प्रतिशत
महापर्व का उत्सव: टोंक जिले में मतदान हुआ 73.22 प्रतिशत
राजस्थान विधानसभा चुनाव-2023 में सुबह 7 बजे से ही मतदान का उत्साह रहा। चिटपुट घटनाओं को छोडकऱ जिले में मतदान शांतिपूर्ण हुआ। टोंक जिले के देवली-उनियारा विधानसभा क्षेत्र के बूथ 197 पर एक साथ मतदाताओं की भीड़ उमडऩे पर अव्यवस्था हुई।
इस बीच दो पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच कहासुनी हो गई। ऐसे में पुलिस को रसायनिक स्प्रे किया। इससे कुछ लोगों में बेहोशी छा गई। हालांकि वोटिंग कुछ देर के लिए रुकी। लेकिन बाद में सुचारू कर दी गई। कई जगह तकनीकी खराबी के चलते मतदान कुछ देर से शुरू हुआ। जिले में मतदान 73.22 प्रतिशत रहा।
सबसे अधिक मालपुरा, निवाई रहा कम
चुनाव में शनिवार शाम तक जिले में कुल 73.22 प्रतिशत मतदान हुआ। इसमें मालपुरा में 76.17, निवाई में 66.85, टोंक में 73.64 तथा देवली-उनियारा में 76.24 प्रतिशत मतदान हुआ। इसमें सबसे अधिक मतदान मालपुरा तथा सबसे कम निवाई में हुआ।
राजस्थान की सरकार चुनने के लिए सभी वर्ग में शनिवार को उत्साह बना रहा। सुबह सर्दी के बीच लोग गर्म कपड़ों में लिपटकर मतदान करने आए। पहले वोट बाद में बाकी काम की थीम पर महिलाएं भी मतदान करने पहुंची। सुबह 9 बजे ही जिले की चारों विधानसभा सीट पर कुल मतदान 10.46 प्रतिशत हो गया था।
इसके बाद लगातार मतदान का प्रतिशत बढ़ता गया। मतदान को लेकर उत्साह शाम तक बना रहा। मतदाताओं को घर से लाने के लिए कार्यकर्ता लगे रहे। इससे पहले पोलिंग पार्टियों ने प्रत्याशियों के एजेंटों के सामने मतदान की प्रक्रिया शुरू कराई। सभी प्रकार के दस्तावेज की जांच के बाद मतदान कराया गया।
अब 3 दिसम्बर पर टीकी नजर
राजस्थान विधानसभा चुनाव -2023 में शनिवार को हुए मतदान के बाद अब लोगों की नजर परिणाम पर है। मतगणना 3 दिसम्बर को होगी। ऐसे में सभी लोग अब मतगणना को लेकर चर्चाएं करने लगे हैं। साथ ही अपना-अपना आंकलन भी दे रहे हैं।
ऐसे चला मतदान का दौर
जिले में सुबह 9 बजे कुल मतदान 10.46 प्रतिश था। इसमें मालपुरा में सुबह 9 बजे 9.01, निवाई में 9.74, टोंक में 14 तथा देवली-उनियारा में 09 प्रतिशत हुआ। सुबह 11 बजे यह मतदान जिले में 25.16 प्रतिशत हो गया। इसमें मालपुरा में 26.81, निवाई में 24.48, टोंक में 25 तथा देवली-उनियारा में 24.44 प्रतिशत हो गया। सुबह 11 बजे जिले कुल 25.16 प्रतिशत मतदान हुआ। इसमें मालपुरा में 26.81, निवाई में 24.48, टोंक में 25 तथा देवली-उनियारा में 24.44 प्रतिशत मतदान हुआ। दोपहर एक बजे जिले में कुल मतदान 41.36 पर पहुंच गया।
इसमें मालपुरा में 42.01, निवाई में 40.12, टोंक में 42.01, देवली-उनियारा में 41.42 प्रतिशत हो गया। इसी प्रकार तीन बजे जिले में कुल मतदान 57.29 पहुंच गया। इसमें मालपुरा में 58.07, निवाई में 54.32, टोंक में 56.83 तथा देवली-उनियारा में 58.09 प्रतिशत हुआ। वहीं शाम पांच बजे यह मतदान जिले में कुल 68.78 प्रतिशत पहुंच गया। इसमें मालपुरा में 71.46, निवाई में 66.21, टोंक में 68.55 तथा देवली-उनियारा में 69 प्रतिशत पहुंच गया।
मतदान में उम्र आई ना अपंगता आई आड़े
राजस्थान विधानसभा चुनाव-2023 में ना तो उम्र बाधा बनी और ना ही अपंगता आड़े आई। सभी वर्ग ने उत्साह ने उत्साह से मतदान किया। नगर परिषद के मतदान केन्द्र में व्हील चेयर पर 95 साल की बजरंगीदेवी ने मतदान किया।
धन्ना तलाई क्षेत्र में रेल लाओ संघर्ष समिति अध्यक्ष व अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार एसोसिएशन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अकबर खान ने बूथ नम्बर 142 में 117 साल की बुजुर्ग बानो बी का वोट डलवाया। उनके साथ ख़ुर्शीद खान, रामस्वरूप चौधरी, एजाज मियां, अजीत उल्लाह, हरीश, शाहरूख, रामगोपाल चौधरी आदि थे।
पिता की गोद में दिया वोट
युवाओं में एक उत्साह ऐसा भी सामने आया कि दिव्यांग अपने पिता की गोद में बूथ तक पहुंचे। छोटा तख्ता निवासी यीशू शर्मा अपने पिता मनीष शर्मा की गोद में वोट देकर खुशी से झूमती नजर आई।
निर्वाचन विभाग ने इस बार महिलाओं के लिए अलग से बूथ बनाए। जहां कार्मिक भी महिलाएं थीं। ऐसे बूथ प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 8 बनाए गए थे। कई महिलाएं तो अपने बच्चों को गोद में लेकर मतदान केन्द्र पर पहुंची।
चुनावी चौपाल पर चर्चा
मतदान के दौरान ही जगह-जगह लोग बैठ गए। दरअसल बाजार बंद होने पर लोग घरों के आस-पास ही रहे। ऐसे में मतदान को लेकर चुनावी चौपाल जमी रही। जहां चर्चाओं को दौर देर रात तक चलता रहा। इसमें कई तरह की बातों को लेकर बहस भी होती रही। लोग प्रत्याशियों को मिलने वाले वोट को लेकर भी आंकलन करते रहे।
प्रत्याशी भी मैदान में रहे
जिले की चारों सीटों पर 37 प्रत्याशी किस्मत आजमा रहे हैं। इनमें टोंक में 8, मालपुरा में 5, देवली-उनियारा में 14 तथा निवाई में 10 प्रत्याशी है। इनमें से कई प्रत्याशियों ने तो बाहर अपने स्थानीय बूथ पर मतदान किया। इसके बाद अपने क्षेत्र में आ गए। दिनभर प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ क्षेत्र में दौरा करते रहे।
प्रत्याशी बोले जीत दर्ज करेंगे
जिले के प्रत्याशियों ने भी अपनी-अपनी जीत का दावा किया है। टोंक में कांग्रेस प्रत्याशी व विधायक सचिन पायलट ने कहा कि टोंक में मतदान बहुत अच्छी तरह से हुआ। मतदाताओं में भी उत्साह रहा। भाजपा प्रत्याशी अजीत सिंह मेहता ने कहा कि मतदाताओं में उत्साह है। इससे पहले उन्होंने परिवार के साथ वोट दिया और बाद में क्षेत्र में कई जगह भी पहुंचे।
2018 विधानसभा चुनाव में यह हुआ था मतदान
राजस्थान विधानसभा चुनाव - 2018 में जिले की चारों सीटों पर कुल मतदान 72.02 प्रतिशत हुआ था। इसमें मालपुरा में 72.36, निवाई में 69.87, टोंक में 75.76 तथा देवली-उनियारा में 70.57 प्रतिशत मतदान हुआ था।
इससे पहले वर्ष 2013 में जिले की चारों सीटों पर कुल मतदान 73.09 प्रतिशत हुआ था। इसमें मालपुरा में 72.51, निवाई में 73.56, टोंक में 74.15 तथा देवली-उनियारा में 72.14 प्रतिशत मतदान हुआ था।
Published on:
25 Nov 2023 09:52 pm
बड़ी खबरें
View Allटोंक
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
