
टोंक। गत दिनों टोंक शहर में बजरी भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से एक हेडकांस्टेबल की हुई मौत को अभी लोग भूले भी नहीं थे कि अब देवली में बेखौफ बजरी माफिया ने एक और पुलिसकर्मी पर टैक्टर-ट्रॉली चढ़ाने का प्रयास किया। पुलिसकर्मी बड़ी मुश्किल से अपनी जान बचा पाया। इसकी रिपोर्ट देवली थाने में कार्यरत कांस्टेबल चेतन कुमार शर्मा एवं क्षतिग्रस्त कार मालिक अनिल जांगिड़ निवासी घोषी मोहल्ला देवली ने दर्ज कराई है।
पुलिस ने बताया कि बुधवार सुबह शहर के घोषी मोहल्ले में अवैध बजरी से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली को चालक ने घनी आबादी एवं निजी स्कूल के पास तेजगति व लापरवाही से चलाया। इससे रास्ते में खड़े दुपहिया एवं चौपहिया वाहनों के टक्कर लगाकर क्षतिग्रस्त कर दिया।
इस दौरान स्कूल के बच्चे बाल-बाल बचे। उसी मोहल्ले से कोर्ट तामील करवा लौट रहे थाने में कार्यरत चेतन कुमार शर्मा निवासी ग्राम महावा थाना नीमकाथाना को बाइक पर वर्दी में देख ट्रैक्टर-ट्रॉली चढ़ा कुचलने की कोशिश की। इस दौरान बाइक गिर गई और कांस्टेबल ने ट्रैक्टर को पकड़ लिया और चढ़ने के बाद बचाव किया। लेकिन ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक पुलिस कांस्टेबल को करीब एक किमी तक लटकाता हुआ ले गया।
रास्ते में कांस्टेबल के साथ मारपीट तक की। मोरला चौराहे से पहले अस्पताल के समीप ब्रेकर पर कांस्टेबल ने ट्रैक्टर से कूद कर जान बचाई। पुलिसकर्मी ने जान बचने के बाद थाने पहुंचकर मामले की रिपोर्ट दी।
इसी संबंध में अनिल जांगिड़ निवासी घोषी मोहल्ला देवली ने ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक धर्मा निवासी ईटुंदा के खिलाफ उसकी कार क्षतिग्रस्त करने तथा अन्य वाहन तोड़कर तेज गति व लापरवाही से वाहन चलाकर बच्चों की जान जोखिम में डालने की रिपोर्ट दी है।
Updated on:
7 Aug 2024, 7:41 PM IST
Published on:
7 Aug 2024, 7:41 PM IST
बड़ी खबरें
View Allटोंक
राजस्थान न्यूज़
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.