
निवाई. राजपूत करनी सैना के संरक्षक लोकेन्द्र सिंह कालवी ने कहना कि आरक्षण बंद तो नहीं किया जा सकता, लेकिन उसमें सुधार की गुंजाईश है। एससीएसटी एक्ट में परिवर्तन होकर बिना जांच के गिरफ्तार किया जाना परिवर्तन की आवश्यकता को बल देता है।
कालवी शुक्रवार को कस्बे के राजपूत छात्रावास में करणी सेना के कार्यकर्ताओं को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हम दलित विरोधी नहीं है, लेकिन सामाजिक समरसता के ताने-बाने को तोडऩे के प्रयासों को रोकना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इन्हीं मुद्दों को लेकर करणी सेना 27 अक्टूबर को जयपुर में रैली निकालेगी।
करणी सेना बिना किसी राजनीतिक समर्थन के कार्य कर रही है। आगामी चुनावों में हर पार्टी का उम्मीदवार घर-घर जाएगा। इससे इन मुद्दों पर सार्वजनिक स्तर पर घोषणा कराई जाएगी।
कालवी ने कहा कि अनुसूचित जाति-जनजाति में हाल ही मे हुए बदलाव के लिए आरएसएस के मोहन भागवत ने भी पुन: समीक्षा पर बात कही है। इस अवसर पर विप्र फाउण्डेशन के जिला महामंत्री रमाकांत शर्मा, राजपूत युवा सभा के अध्यक्ष योगेन्द्रसिंह नाथावत, सुरज्ञानसिंह राजावत, लोकेश, नरेन्द्र सिंह, जितेन्द्र सिंह, दीपक विजयवर्गीय, देवराज गुर्जर आदि मौजूद थे।